प्राचार्य डॉ. आशीष कुमार ने पुष्पगुच्छ भेंट कर दी बधाई, विद्यालय के समग्र विकास पर हुई चर्चा
रिपोर्ट : शैलेश सिंह
मेघाहातुबुरु। केंद्रीय विद्यालय, मेघाहातुबुरु को नया विद्यालय प्रबंधन समिति (VMC) चेयरमैन मिल गया है। मेघाहातुबुरु लौह अयस्क खदान के नवनियुक्त मुख्य महाप्रबंधक (सीजीएम माइंस) संजय कुमार सिंह ने केंद्रीय विद्यालय के वीएमसी चेयरमैन का दायित्व भी संभाल लिया है।
इस अवसर पर केंद्रीय विद्यालय के प्राचार्य डॉ. आशीष कुमार ने सीजीएम संजय कुमार सिंह से उनके कार्यालय में शिष्टाचार भेंट की। उन्होंने पुष्पगुच्छ भेंट कर नई जिम्मेदारी के लिए हार्दिक शुभकामनाएं दीं तथा विद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों, विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास एवं भविष्य की योजनाओं पर सकारात्मक चर्चा की।

पदोन्नति के बाद मिली नई जिम्मेदारी
उल्लेखनीय है कि संजय कुमार सिंह को हाल ही में प्रभारी महाप्रबंधक (माइंस) से पदोन्नत कर मुख्य महाप्रबंधक (सीजीएम माइंस) बनाया गया है। केंद्रीय विद्यालय संगठन की व्यवस्था के अनुसार मेघाहातुबुरु खदान के सीजीएम ही केंद्रीय विद्यालय मेघाहातुबुरु की विद्यालय प्रबंधन समिति (VMC) के चेयरमैन होते हैं। इसी क्रम में उनके पदभार ग्रहण करने के साथ ही उन्हें यह महत्वपूर्ण दायित्व भी सौंपा गया है।
विद्यालय के विकास को मिलेगी नई गति
प्राचार्य डॉ. आशीष कुमार ने विश्वास जताया कि संजय कुमार सिंह के मार्गदर्शन एवं नेतृत्व में विद्यालय में शिक्षा की गुणवत्ता, आधारभूत सुविधाओं, नवाचार, खेलकूद एवं अन्य सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों को और अधिक बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि विद्यालय प्रबंधन समिति के सहयोग से छात्रों के हित में कई नई पहल की जा सकेगी।
विद्यालय परिवार ने भी नए वीएमसी चेयरमैन का स्वागत करते हुए आशा व्यक्त की कि उनके नेतृत्व में केंद्रीय विद्यालय मेघाहातुबुरु शिक्षा, अनुशासन और उत्कृष्ट परिणामों की दिशा में नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा।














