भ्रष्टाचार नक्सल खदान
अपराध राजनीति खेल समस्या स्वास्थ्य कार्यक्रम शिक्षा दुर्घटना सांस्कृतिक मनोरंजन मौसम कृषि ज्योतिष काम

बड़ाजामदा में बेखौफ चोरों का आतंक, बेकरी का शटर काटकर अंदर घुसे; केक-चॉकलेट खाकर हुए फरार

On: August 6, 2026 5:51 PM
Follow Us:
---Advertisement---

सीसीटीवी में कैद हुई तीन संदिग्धों की करतूत, पुलिस पहचान कर गिरफ्तारी में जुटी

क्षेत्र में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं से व्यापारियों में दहशत, सुरक्षा व्यवस्था पर उठने लगे सवाल

रिपोर्ट : संदीप गुप्ता 
बड़ाजामदा। पश्चिमी सिंहभूम जिले के बड़ाजामदा बाजार में चोरों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। बुधवार देर रात तीन अज्ञात चोरों ने बाजार स्थित एक बेकरी दुकान का शटर काटकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। दुकान में नकदी नहीं मिलने पर चोर वहां रखे केक और चॉकलेट लेकर खा गए तथा मौके से फरार हो गए। पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास में जुट गई है।

सुबह दुकान खुली तो सामने आया चोरी का मामला

गुरुवार सुबह जब दुकान संचालक मदन गुप्ता अपनी बेकरी खोलने पहुंचे तो शटर कटा हुआ देखकर उनके होश उड़ गए। अंदर जाकर देखा तो दुकान का सामान बिखरा पड़ा था और कई केक व चॉकलेट गायब थे। हालांकि कैश काउंटर में नकदी नहीं होने के कारण चोर कोई नकद राशि नहीं ले जा सके।
घटना की जानकारी मिलते ही उन्होंने तत्काल बड़ाजामदा थाना को सूचना दी।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

सूचना मिलने के बाद थाना प्रभारी बालेश्वर उरांव पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में तीन संदिग्ध चोर दुकान का शटर काटकर अंदर प्रवेश करते और चोरी की घटना को अंजाम देते हुए दिखाई दे रहे हैं। पुलिस फुटेज के आधार पर उनकी पहचान करने और जल्द गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।

लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं से व्यापारी चिंतित

स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि बड़ाजामदा और आसपास के क्षेत्रों में हाल के दिनों में चोरी की घटनाओं में लगातार बढ़ोतरी हुई है। लगातार हो रही वारदातों से व्यवसायियों में भय और असुरक्षा का माहौल है। व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन से रात्रि गश्ती बढ़ाने और चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने की मांग की है।

पुलिस ने जांच पूरी होने तक अटकलों से बचने की अपील की

स्थानीय लोगों ने आशंका जताई है कि इन घटनाओं के पीछे नशे के आदी युवकों का हाथ हो सकता है। हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जांच पूरी होने से पहले किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचना उचित नहीं होगा। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की गहन जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।

SINGHBHUMHALCHAL NEWS

सिंहभूम हलचल न्यूज़ एक स्थानीय समाचार मंच है, जो पश्चिमी सिंहभूम, झारखंड से सटीक और समय पर समाचार प्रदान करने के लिए समर्पित है। यह राजनीति, अपराध, मौसम, संस्कृति और सामुदायिक मुद्दों को हिंदी में कवर करता है।

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Comment