कुमारडुंगी थाना क्षेत्र के पातरहातु गांव में हुई वारदात, हत्या में प्रयुक्त लाठी-डंडे बरामद
रिपोर्ट : शैलेश सिंह
पश्चिम सिंहभूम जिले के कुमारडुंगी थाना क्षेत्र के पातरहातु गांव में हुई हत्या की गुत्थी को पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर सुलझाने का दावा किया है। पुलिस ने इस सनसनीखेज हत्याकांड में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह पूरी वारदात प्रेम-प्रसंग से उपजे विवाद का परिणाम थी।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त तीन लकड़ी के डंडे भी बरामद कर लिए हैं। तीनों आरोपियों ने पूछताछ के दौरान इस घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।

3 अगस्त को मिली थी हत्या की सूचना
पुलिस के अनुसार 3 अगस्त 2026 को सूचना मिली कि कुमारडुंगी थाना क्षेत्र के ग्राम पातरहातु में एक व्यक्ति की हत्या कर दी गई है। सूचना मिलते ही वरीय अधिकारियों को अवगत कराते हुए पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर वैज्ञानिक तरीके से जांच शुरू की।
जांच के दौरान मृतक की पहचान कुन्डिया सिंकु (53 वर्ष), पिता स्वर्गीय बड़ाय सिंकु, निवासी ग्राम पातरहातु, थाना कुमारखूँगी, जिला पश्चिम सिंहभूम के रूप में हुई।
पत्नी के बयान पर दर्ज हुई प्राथमिकी
मृतक की पत्नी मनीती कुई के लिखित आवेदन के आधार पर कुमारडुंगी थाना कांड संख्या-19/2026 दिनांक 3 अगस्त 2026 दर्ज किया गया। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) 2023 की धारा 103(1) एवं 3(5) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
प्राथमिकी में गांव के ही तीन लोगों को नामजद अभियुक्त बनाया गया।
एसपी के निर्देश पर गठित हुई विशेष टीम
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक, पश्चिम सिंहभूम के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (जगन्नाथपुर) रफायल मुर्मू के नेतृत्व में विशेष छापामारी दल का गठन किया गया।
पुलिस टीम ने वैज्ञानिक अनुसंधान और लगातार छापेमारी के बाद घटना के महज एक दिन के भीतर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
तीनों आरोपियों ने कबूला जुर्म
गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ के दौरान हत्या में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त तीन लकड़ी के डंडे बरामद कर विधिवत जब्त किए।
पुलिस का कहना है कि अनुसंधान के दौरान सामने आया कि यह हत्या प्रेम-प्रसंग को लेकर हुए विवाद के कारण की गई थी। हालांकि मामले के अन्य पहलुओं की भी गहन जांच जारी है।
गिरफ्तार आरोपी
पुलिस ने निम्नलिखित आरोपियों को गिरफ्तार किया है—
* मंगल हेम्ब्रम उर्फ मंगल सिंह हेम्ब्रम (38 वर्ष)
* कुशनु हेम्ब्रम (45 वर्ष)
* गणेश हेम्ब्रम (29 वर्ष)
तीनों आरोपी ग्राम पातरहातु, थाना कुमारडुंगी, जिला पश्चिम सिंहभूम के निवासी हैं।
हत्या में प्रयुक्त सामान जब्त
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त
तीन लकड़ी के डंडे बरामद कर जब्त कर लिए हैं।
छापेमारी दल में शामिल अधिकारी
इस कार्रवाई में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी रफायल मुर्मू, झींकपानी अंचल के पुलिस निरीक्षक बासुदेव मुंडा, थाना प्रभारी सुनील कुमार चौधरी, पुलिस अवर निरीक्षक मिलन करमाली, सहायक अवर निरीक्षक सुनील कुमार यादव, सहायक अवर निरीक्षक जुम्बल सिंह बोयपाई तथा कुमारडुंगी थाना के सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे।
24 घंटे में खुलासे को पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा
हत्या जैसी गंभीर घटना का 24 घंटे के भीतर खुलासा कर आरोपियों की गिरफ्तारी को पश्चिम सिंहभूम पुलिस की त्वरित कार्रवाई माना जा रहा है। पुलिस अब मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि घटना में कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल था या नहीं। गिरफ्तार तीनों आरोपियों को न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है।














