किरीबुरू थाना प्रभारी रोहित कुमार की कार्रवाई, आरोपी को गिरफ्तार कर भेजा गया जेल
रिपोर्ट: शैलेश सिंह
किरीबुरू थाना क्षेत्र के मिलन चौक में युवक पर जानलेवा हमला करने वाले आरोपी कालू करूआ को पुलिस ने आखिरकार गिरफ्तार कर लिया। किरीबुरू थाना प्रभारी रोहित कुमार के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को दबोच लिया और सोमवार को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।
बताया जा रहा है कि आरोपी घटना के बाद लगातार फरार चल रहा था, लेकिन पुलिस लगातार उसके संभावित ठिकानों पर नजर रख रही थी। थाना प्रभारी रोहित कुमार के नेतृत्व में चलाए गए अभियान के दौरान पुलिस ने उसे गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली है।

मामूली मजाक से शुरू हुआ था खूनी विवाद
ज्ञात हो कि 16 मई की देर शाम मिलन चौक निवासी चंद्रमोहन गोप (32 वर्ष), पिता टिमरा गोप पर करूआ बस्ती निवासी कालू करूआ ने चाकू से गले पर हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया था।
घायल युवक ने पुलिस को दिए बयान में बताया था कि वह मजदूरी कर घर लौटने के बाद पास की दुकान में सामान लेने गया था। वहीं मौजूद कालू करूआ तमिल भाषा में उससे कुछ बोल रहा था, जिसे वह समझ नहीं पाया। उसने इसे मजाक समझकर जवाब दिया, जिसके बाद आरोपी अचानक भड़क उठा और चाकू निकालकर उसके गले पर वार कर दिया।
हत्या की नीयत से किया गया था हमला
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आरोपी ने बेहद आक्रामक तरीके से हमला किया था। चाकू का वार सीधे गले पर किया गया, जिससे चंद्रमोहन गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। गले से लगातार खून बहता रहा और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को तत्काल सेल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसका इलाज किया। डॉक्टरों के अनुसार युवक अब खतरे से बाहर है।
पुलिस की सक्रियता से आरोपी पहुंचा सलाखों के पीछे
घटना की सूचना मिलते ही झारखंड पुलिस हरकत में आ गई थी। थाना प्रभारी रोहित कुमार ने स्वयं मामले की निगरानी करते हुए पुलिस टीम को आरोपी की गिरफ्तारी का निर्देश दिया। पुलिस ने तकनीकी और स्थानीय सूचना के आधार पर छापेमारी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी से पूछताछ के बाद उसे न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।













