भ्रष्टाचार नक्सल खदान
अपराध राजनीति खेल समस्या स्वास्थ्य कार्यक्रम शिक्षा दुर्घटना सांस्कृतिक मनोरंजन मौसम कृषि ज्योतिष काम

आंधी-पानी का कहर : सारंडा में मची तबाही, घरों की छत उड़ी, सड़क और बिजली व्यवस्था ध्वस्त

On: May 27, 2026 5:40 PM
Follow Us:
---Advertisement---

किरीबुरू-मेघाहातुबुरु समेत बड़ाजामदा में तेज तूफान से जनजीवन अस्त-व्यस्त, ग्रामीण और शहरी इलाकों में भारी नुकसान

रिपोर्ट : शैलेश सिंह

बुधवार की शाम लगभग साढ़े तीन बजे आई तेज आंधी और मूसलाधार बारिश ने किरीबुरू, मेघाहातुबुरु, बड़ाजामदा समेत सारंडा के विभिन्न क्षेत्रों में भारी तबाही मचा दी। अचानक बदले मौसम और तेज तूफानी हवाओं ने शहरी व ग्रामीण इलाकों में अफरा-तफरी का माहौल पैदा कर दिया। कई इलाकों में सैकड़ों पेड़ धराशायी हो गए, जबकि अनेक घरों और दुकानों की टीन की छतें उड़ गईं।

सड़कों पर गिरे पेड़, आवागमन ठप

तेज आंधी की वजह से किरीबुरू और मेघाहातुबुरु की मुख्य सड़कों पर जगह-जगह पेड़ और डालियां टूटकर गिर गईं। सीजीएम आवास, डीएसपी ऑफिस, मीना बाजार, मेघा निकुंज पार्क, न्यू कॉलोनी, शॉपिंग सेंटर रोड तथा CISF मैदान के सामने मुख्य सड़क पर बड़े पेड़ गिरने से यातायात प्रभावित हो गया। कई जगह लोग घंटों तक फंसे रहे।

घरों और दुकानों की छत उड़ी

आंधी इतनी तेज थी कि कई घरों और दुकानों के टीन शीट हवा में उड़ गए। ठेकेदार बीरेन्द्र मिश्रा के तीन कमरों की टीन छत पूरी तरह उड़ गई। मेन मार्केट निवासी मिंटू, गुड्डू समेत अनेक दुकानदारों के प्रतिष्ठानों को भारी नुकसान पहुंचा है। कई गुमटियां पलट गईं और दुकानों में रखा सामान बारिश में भींगकर खराब हो गया।

 

ठेकेदार बीरेन्द्र मिश्रा के घर का हाल

बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमराई

तूफान के दौरान बिजली तारों पर पेड़ और डालियां गिरने से किरीबुरू और मेघाहातुबुरु की बिजली व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो गई। कई इलाकों में शाम से अंधेरा पसरा हुआ है। बिजली विभाग की टीमों को लगातार बाधाओं का सामना करना पड़ रहा है।

लोगों का सामान भीगा, बढ़ी परेशानी

जिन घरों की छतें उड़ गईं, वहां बारिश का पानी सीधे अंदर घुस गया। घरों में रखा अनाज, कपड़ा, फर्नीचर और अन्य जरूरी सामान भीग जाने से लोगों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है। कई परिवारों को सुरक्षित स्थानों की ओर जाना पड़ा।

मोबाइल टावर गिरने की भी खबर

चर्च हाटिंग क्षेत्र में तेज आंधी के कारण मोबाइल टावर गिरने की सूचना भी सामने आई है। इसके बाद कई इलाकों में मोबाइल नेटवर्क बाधित हो गया, जिससे लोगों को संपर्क करने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

मोबाइल टावर का हाल

हर तरफ अफरा-तफरी का माहौल

तेज हवा का असर देर शाम तक बना रहा। लगातार चल रही तेज हवाओं और बारिश से लोग दहशत में हैं। सारंडा क्षेत्र के कई गांवों और शहरों में तबाही का मंजर देखने को मिला। प्रशासनिक और बिजली विभाग की टीमें हालात सामान्य करने में जुटी हुई हैं, लेकिन नुकसान काफी व्यापक बताया जा रहा है।

मंगला हाट शेड का हाल

 

SINGHBHUMHALCHAL NEWS

सिंहभूम हलचल न्यूज़ एक स्थानीय समाचार मंच है, जो पश्चिमी सिंहभूम, झारखंड से सटीक और समय पर समाचार प्रदान करने के लिए समर्पित है। यह राजनीति, अपराध, मौसम, संस्कृति और सामुदायिक मुद्दों को हिंदी में कवर करता है।

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Comment