सारंडा के आदिवासी परिवार में रिश्तों पर लगा कलंक, शिकायत दर्ज कराने की तैयारी में जुटा पीड़ित परिवार
रिपोर्ट : शैलेश सिंह
सारंडा के छोटानागरा थाना क्षेत्र के एक गांव से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। ग्रामीणों के अनुसार, एक आदिवासी परिवार में नवजात शिशु के जन्म की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब छठीयारी की रस्म के दौरान घर आया युवक का जीजा कथित रूप से अपनी पत्नी को छोड़कर पीड़ित युवक की पत्नी और उसके नवजात बच्चे को लेकर फरार हो गया। आरोप है कि वह जाते-जाते पीड़ित की स्कूटी, मोबाइल और घर में रखे लगभग 16 हजार रुपये भी साथ ले गया।

छठीयारी के उत्सव में जुटा था पूरा गांव
ग्रामीण सूत्रों के मुताबिक पीड़ित युवक की पत्नी ने कुछ दिन पहले ही एक बच्चे को जन्म दिया था। परंपरा के अनुसार नवजात के छठीयारी संस्कार का आयोजन किया गया था। इस खुशी के मौके पर रिश्तेदारों, परिजनों और गांव के लोगों को आमंत्रित किया गया था। पीड़ित युवक ने अपनी बहन और जीजा को भी इस रस्म में शामिल होने के लिए बुलाया था।
बताया जाता है कि दिनभर पूजा-पाठ, पारंपरिक रीति-रिवाज, सामूहिक भोज, नृत्य-गान और खुशियों का माहौल बना रहा। किसी को अंदाजा नहीं था कि रात ढलते ही यह खुशी एक बड़े पारिवारिक संकट में बदल जाएगी।
देर रात घर से गायब मिले महिला और नवजात
ग्रामीणों के अनुसार 9 जून की रात लगभग 11 से 12 बजे के बीच अचानक पीड़ित युवक की पत्नी और उसका नवजात बच्चा घर से गायब मिले। खोजबीन करने पर यह भी पता चला कि युवक का जीजा भी वहां मौजूद नहीं है। आरोप है कि वह अपनी पत्नी को वहीं छोड़कर पीड़ित की पत्नी और बच्चे को साथ लेकर चला गया।
इतना ही नहीं, पीड़ित परिवार का कहना है कि घर के बाहर खड़ी स्कूटी और लगभग 16 हजार रुपये नकद भी गायब हैं, जिन्हें कथित तौर पर आरोपी अपने साथ ले गया।
दो बच्चों का पिता बताया जा रहा आरोपी
ग्रामीणों का कहना है कि जिस व्यक्ति पर यह आरोप लगाया जा रहा है, वह पहले से शादीशुदा है और उसके दो बच्चे भी हैं। घटना के बाद उसकी पत्नी भी गहरे सदमे में बताई जा रही है। एक ही घटना ने दो परिवारों की खुशियां छीन ली हैं और गांव में इस मामले को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।
थाने पहुंचने की तैयारी में पीड़ित परिवार
घटना के बाद पीड़ित युवक और उसकी बहन न्याय की उम्मीद लेकर छोटानागरा थाना में शिकायत दर्ज कराने की तैयारी कर रहे हैं। परिवार का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए तथा महिला, नवजात बच्चे और अन्य सामान की बरामदगी सुनिश्चित की जाए।
बड़ाजामदा का रहने वाला बताया जा रहा आरोपी
ग्रामीण सूत्रों के अनुसार आरोपित व्यक्ति बड़ाजामदा क्षेत्र का निवासी बताया जा रहा है। हालांकि पुलिस में औपचारिक शिकायत दर्ज होने के बाद ही पूरे मामले की आधिकारिक पुष्टि और जांच की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
गांव में चर्चा का विषय बनी घटना
सारंडा के आदिवासी समाज में पारिवारिक रिश्तों और सामाजिक परंपराओं को विशेष महत्व दिया जाता है। ऐसे में छठीयारी जैसे शुभ अवसर पर सामने आई इस घटना ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है। ग्रामीणों के बीच यही चर्चा है कि जिस रिश्ते पर परिवार भरोसा करता है, उसी रिश्ते पर लगे इस आरोप ने सामाजिक ताने-बाने को झकझोर कर रख दिया है।
फिलहाल सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि पुलिस शिकायत दर्ज होने के बाद जांच किस दिशा में आगे बढ़ती है और इस पूरे प्रकरण का सच क्या निकलकर सामने आता है।













