मुर्गापाड़ा बस्ती के समीप पहुंचे दो से अधिक हाथी, ओडिशा से होकर सारंडा जंगल की ओर बढ़े; लोगों को सतर्क रहने की अपील
रिपोर्ट: शैलेश सिंह
सेल नगरी किरीबुरू के शहरी क्षेत्र में रविवार को हाथियों की दस्तक से लोगों में दहशत फैल गई। मुर्गापाड़ा बस्ती के समीप दो या उससे अधिक जंगली हाथियों के पहुंचने की सूचना मिलते ही इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोग भय के कारण अपने घरों से बाहर निकलने में सतर्कता बरतने लगे हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हाथियों का झुंड ओडिशा क्षेत्र से किरीबुरू-हिलटॉप मुख्य मार्ग होते हुए बिहार रोड के रास्ते सारंडा जंगल की ओर बढ़ता देखा गया। शहरी क्षेत्र के इतने करीब हाथियों की मौजूदगी ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है।

वन विभाग की बढ़ी चौकसी
घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग सक्रिय हो गया। वनकर्मियों की टीम मौके पर पहुंचकर हाथियों की गतिविधियों पर नजर बनाए हुए है और उन्हें शहरी आबादी से दूर हटाने की कोशिश कर रही है।
वन विभाग का कहना है कि हाथियों की आवाजाही को देखते हुए पूरे क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी गई है ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।
लोगों से सावधानी बरतने की अपील
वन विभाग के कर्मियों ने स्थानीय लोगों से अपील की है कि वे हाथियों के नजदीक जाने की गलती न करें और सुरक्षित दूरी बनाए रखें। खासकर बच्चों और बुजुर्गों को घरों के अंदर सुरक्षित रखने की सलाह दी गई है।
वनकर्मियों ने यह भी कहा है कि यदि हाथी किसी बस्ती या घर के समीप पहुंचते हैं तो लोग लाल सूखी मिर्च जलाकर धुआं करें, जिससे हाथी उस दिशा से दूर हट सकते हैं।

सारंडा क्षेत्र में बढ़ रही हाथियों की आवाजाही
गौरतलब है कि सारंडा और आसपास के इलाकों में इन दिनों हाथियों की आवाजाही लगातार बढ़ रही है। भोजन और पानी की तलाश में अक्सर हाथी जंगल छोड़कर आबादी वाले क्षेत्रों में पहुंच जाते हैं, जिससे मानव-हाथी संघर्ष का खतरा बढ़ जाता है।
फिलहाल वन विभाग की टीम लगातार स्थिति पर नजर रखे हुए है और लोगों को सतर्क रहने की हिदायत दी जा रही है।













