सहकर्मियों, अधिकारियों और परिवारजनों ने दी शुभकामनाएं, सेवाकाल की ईमानदारी और समर्पण को किया याद
रिपोर्ट: शैलेश सिंह
सेल मेघाहातुबुरू माइंस के मेकनिकल माइनिंग विभाग में जूनियर इंजीनियर एसोसिएट पद पर कार्यरत जयपाल हस्सा पुर्त्ती 32 वर्षों की लंबी सेवा के बाद जून 2026 में सेवानिवृत्त हो गए। उनकी सेवानिवृत्ति के अवसर पर एचआरडी सेंटर, मेघाहातुबुरू में सम्मान सह विदाई समारोह का आयोजन किया गया, जहां अधिकारियों, यूनियन प्रतिनिधियों, श्रमिकों, परिवारजनों एवं स्थानीय महिलाओं ने उन्हें भावभीनी विदाई दी।

जानकारी के अनुसार जयपाल हस्सा पुर्त्ती ने जून 1992 में सेल मेघाहातुबुरू माइंस में अपनी सेवा की शुरुआत की थी। अपने लंबे कार्यकाल के दौरान उन्होंने मेकनिकल माइनिंग विभाग में पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ कार्य किया। उनके कार्यों और व्यवहार ने सहकर्मियों के बीच उन्हें एक अलग पहचान दिलाई।
विदाई समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में मेघाहातुबुरू माइंस के प्रभारी महाप्रबंधक कल्याण मांझी उपस्थित रहे। उनके साथ एजीएम (मेकनिकल) साहू, सीनियर मैनेजर (एचआर) रोहित टोप्पो, यूनियन प्रतिनिधि एवं अन्य अधिकारी भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
समारोह के दौरान वक्ताओं ने जयपाल हस्सा पुर्त्ती के सेवाकाल को याद करते हुए कहा कि उन्होंने कंपनी के विकास और उत्पादन कार्यों में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। अधिकारियों ने उनके अनुशासन, कार्यनिष्ठा और व्यवहार की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कर्मठ कर्मचारी संस्थान की रीढ़ होते हैं।
मुख्य अतिथि कल्याण मांझी ने अपने संबोधन में कहा कि जयपाल हस्सा पुर्त्ती का लंबा अनुभव और उनकी कार्यशैली आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत रहेगी। उन्होंने उनके स्वस्थ, सुखद और समृद्ध भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम के दौरान यूनियन प्रतिनिधियों ने भी उनके साथ बिताए गए अनुभव साझा किए और कहा कि जयपाल हमेशा श्रमिकों के हितों के प्रति संवेदनशील रहे। उन्होंने हर परिस्थिति में सहयोग और समर्पण का परिचय दिया।

इस अवसर पर जयपाल हस्सा पुर्त्ती को शॉल, पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। उनके परिवारजनों की उपस्थिति ने समारोह को और भावुक बना दिया। सहकर्मियों और पड़ोस की महिलाओं ने भी उन्हें सम्मानपूर्वक विदाई देते हुए उनके आगामी जीवन के लिए शुभकामनाएं दीं।
समारोह का संचालन पर्सनल विभाग द्वारा किया गया और अंत में सभी ने उनके उज्ज्वल भविष्य, बेहतर स्वास्थ्य एवं पारिवारिक सुख-समृद्धि की कामना की।














