मुख्य बाजार में एक ही रात तीन दुकानों को बनाया निशाना, CCTV कैमरों की दिशा बदलकर दिया वारदात को अंजाम
दो दिन पहले 11 केवी लाइन से कॉपर तार चोरी का भी हुआ था प्रयास, लगातार बढ़ रही घटनाओं से दहशत में शहरवासी
रिपोर्ट : शैलेश सिंह
किरीबुरू। लौह नगरी किरीबुरू में चोरों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। मंगलवार 5 अगस्त की अहले सुबह मुख्य बाजार स्थित अंग्रेजी शराब दुकान तथा उसके समीप स्थित जयराम भगत और कमलेश कुमार जयसवाल के जनरल स्टोर को दो अज्ञात चोरों ने निशाना बनाया। दोनों चोरों ने करीब डेढ़ घंटे तक मुख्य सड़क किनारे बेखौफ होकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया और फरार हो गए। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से शहरवासियों में भय और आक्रोश का माहौल है।

चेहरा ढंककर पहुंचे, पहले CCTV को किया निष्क्रिय
प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार दोनों चोरों ने अपने चेहरे को कपड़े से तथा शरीर को कंबल से ढंक रखा था, ताकि उनकी पहचान न हो सके। रात करीब 1:05 बजे वे सबसे पहले जयराम भगत की दुकान पहुंचे। दुकान के बाहर लगे तीन सीसीटीवी कैमरों की दिशा बदलने के बाद मोटी लोहे की सरिया से ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया।

कैश बॉक्स उठाया, फिर कुछ सामान लेकर हुए फरार
दुकान में घुसते ही चोरों ने सबसे पहले कैश बॉक्स उठाया और उसके बाद परफ्यूम सहित कुछ अन्य सामान लेकर निकल गए। दुकान संचालक जयराम भगत ने बताया कि कैश बॉक्स में केवल कुछ छुट्टे पैसे थे, इसलिए अधिक आर्थिक नुकसान नहीं हुआ।

दूसरी दुकान का ताला टूटा, लेकिन शटर नहीं खुला
इसके बाद चोरों ने पास स्थित कमलेश कुमार जयसवाल की जनरल स्टोर का ताला भी तोड़ दिया। हालांकि शटर अंदर से लॉक रहने के कारण वे उसे खोलने में सफल नहीं हो सके, जिससे इस दुकान में चोरी की वारदात टल गई।

अंग्रेजी शराब दुकान से दर्जनभर बोतलें ले उड़े
करीब 2:20 बजे दोनों चोरों ने अंग्रेजी शराब दुकान को निशाना बनाया। यहां भी सबसे पहले बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे की दिशा ऊपर कर दी और लोहे की सरिया से ताला तोड़कर दुकान के अंदर घुस गए। उन्होंने पहले कैश बॉक्स खंगाला, लेकिन उसमें नकदी नहीं मिलने पर अलग-अलग ब्रांड की करीब दर्जनभर शराब की बोतलें उठाकर फरार हो गए।

वारदात का तरीका एक जैसा, पुलिस को पुराने गिरोह पर शक
स्थानीय लोगों का कहना है कि कुछ दिन पहले प्रॉस्पेक्टिंग चौक स्थित नोबो पुथल की दुकान में भी इसी तरह ताला तोड़कर चोरी की गई थी। तीनों घटनाओं का तरीका लगभग एक जैसा है। चोर पहले कैश बॉक्स को निशाना बनाते हैं और नकदी नहीं मिलने पर सीमित सामान लेकर फरार हो जाते हैं। इससे आशंका जताई जा रही है कि इन घटनाओं के पीछे एक ही गिरोह सक्रिय हो सकता है।

कॉपर तार चोरी की घटना से भी बढ़ी चिंता
शहर में चोरी की यह पहली घटना नहीं है। दो दिन पहले ही वन विभाग कार्यालय के समीप 11 केवी विद्युत लाइन पर सीढ़ी लगाकर चोर कॉपर तार काट कर फरार हो चुके हैं। इस दौरान स्थानीय लोगों ने चोरों का पीछा किया, जिसके बाद वे मौके से भाग निकले। उनकी सीढ़ी वन विभाग के कर्मचारियों ने जब्त कर ली थी।
पुलिस ने शुरू की जांच, CCTV फुटेज खंगाले जा रहे
घटना की सूचना मिलते ही किरीबुरू थाना प्रभारी रोहित कुमार मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच शुरू कर दी है तथा चोरों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए हैं।
शहरवासियों में दहशत, बढ़ी रात्रि गश्त की मांग
लगातार हो रही चोरी की घटनाओं ने किरीबुरू के व्यापारियों और आम नागरिकों की चिंता बढ़ा दी है। लोगों का कहना है कि मुख्य बाजार में भी यदि चोर इतनी देर तक बेखौफ होकर वारदात कर सकते हैं, तो सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े होते हैं। व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन से रात्रि गश्त बढ़ाने, संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखने तथा चोरी की घटनाओं का शीघ्र खुलासा कर दोषियों की गिरफ्तारी की मांग की है।













