मजदूरों की थाली में पौष्टिक आहार की जगह मिल रही गंदगी? कैंटीन की व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल
रिपोर्ट : शैलेश सिंह
गुवा। लौह अयस्क का उत्पादन करने वाली सेल की गुवा खदान में कार्यरत मजदूरों की थाली में परोसे जाने वाले भोजन की गुणवत्ता और स्वच्छता को लेकर एक गंभीर मामला सामने आया है। खदान क्षेत्र स्थित कैंटीन में परोसे गए भोजन में कीड़ा मिलने के बाद मजदूरों में भारी आक्रोश है। इस घटना ने कैंटीन की भोजन व्यवस्था और खाद्य सुरक्षा मानकों की धज्जियां उड़ने की आशंका को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। सवाल यह है कि दिन-रात कठिन परिस्थितियों में पसीना बहाकर उत्पादन करने वाले मजदूरों को आखिर किस गुणवत्ता का भोजन परोसा जा रहा है?

मजदूरों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं : रामा पांडेय
घटना की जानकारी मिलने के बाद झारखंड मजदूर संघर्ष संघ के केंद्रीय अध्यक्ष रामा पांडेय ने सेल प्रबंधन के समक्ष कड़ी नाराजगी जताते हुए मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने आरोप लगाया कि कैंटीन में भोजन की गुणवत्ता, पौष्टिकता और स्वच्छता को लेकर अपेक्षित गंभीरता नहीं बरती जा रही है।
रामा पांडेय ने कहा कि खदानों में मजदूर बेहद कठिन परिस्थितियों में काम करते हैं। ऐसे में उनके स्वास्थ्य और खानपान के प्रति प्रबंधन की जिम्मेदारी और भी बढ़ जाती है। लेकिन भोजन में कीड़ा मिलना कैंटीन की व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़ा करता है। मजदूरों को स्वच्छ, गुणवत्तापूर्ण और पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराना प्रबंधन की जिम्मेदारी है, न कि उनके स्वास्थ्य को जोखिम में डालना।
बाजार में छांटी गई खराब सब्जियां कैंटीन में पहुंचाने का आरोप
रामा पांडेय ने गुवा, किरीबुरू और मेघाहातुबुरु खदानों की कैंटीन में खाद्यान्न एवं सब्जियों की आपूर्ति को लेकर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि कैंटीनों में आपूर्ति की जाने वाली सब्जियों की गुणवत्ता बेहद घटिया है। आरोप है कि बाजार में आम ग्राहकों द्वारा खरीदारी के बाद छांटकर दुकानों में बचा दी जाने वाली खराब और निम्न गुणवत्ता की सब्जियां कैंटीनों में खपाई जा रही हैं।
उन्होंने सवाल उठाया कि जब बाजार में सामान्य ग्राहक भी खराब सब्जियां खरीदना पसंद नहीं करते, तो फिर खदानों में मेहनत करने वाले मजदूरों को ऐसी सब्जियां खाने के लिए क्यों दी जाएं? क्या मजदूरों के स्वास्थ्य की कीमत पर कैंटीन आपूर्ति का कारोबार चलाया जाएगा?

तीनों खदानों की कैंटीन में हो औचक जांच
संघ अध्यक्ष ने जिला प्रशासन के संबंधित सक्षम पदाधिकारियों और खाद्य सुरक्षा विभाग से गुवा, किरीबुरू एवं मेघाहातुबुरु खदानों की कैंटीनों का समय-समय पर औचक निरीक्षण कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि केवल कागजी जांच या औपचारिकता से काम नहीं चलेगा। अधिकारियों को कैंटीन में पहुंचकर खाद्यान्न के भंडारण, सब्जियों की गुणवत्ता, भोजन तैयार करने की प्रक्रिया, रसोई की साफ-सफाई और परोसे जाने वाले भोजन की वास्तविक स्थिति की जांच करनी चाहिए।
जिम्मेदारों पर तय हो जवाबदेही
रामा पांडेय ने मांग की है कि भोजन में कीड़ा मिलने की घटना की जांच कराई जाए तथा खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित ठेकेदार और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाए। साथ ही कैंटीन में इस्तेमाल होने वाले खाद्यान्न एवं सब्जियों की नियमित गुणवत्ता जांच सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि मजदूर केवल उत्पादन करने वाली मशीन नहीं हैं, बल्कि उनके भी स्वास्थ्य, सम्मान और सुरक्षित भोजन के अधिकार हैं। सेल प्रबंधन को यह समझना होगा कि मजदूरों की थाली में घटिया भोजन परोसकर उनकी सेहत के साथ समझौता नहीं किया जा सकता। खदानों का उत्पादन बढ़ाने के साथ मजदूरों के स्वास्थ्य और भोजन की गुणवत्ता सुनिश्चित करना भी प्रबंधन की प्राथमिक जिम्मेदारी होनी चाहिए।










