तपकरा, रनिया और आनंदपुर में पर्चा फेंककर व्यवसायियों से मांगी जा रही थी लेवी, देशी कट्टा, जिंदा कारतूस, बाइक, मोबाइल और PLFI के तीन पर्चे बरामद
रिपोर्ट : शैलेश सिंह
किरीबुरू। व्यवसायियों और ठेकेदारों को PLFI के नाम पर धमकाकर लेवी वसूली करने वाले अपराधियों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। खूंटी जिले के रनिया थाना क्षेत्र में पुलिस ने छापेमारी कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से एक देशी कट्टा, एक जिंदा कारतूस, एक मोटरसाइकिल, एक मोबाइल फोन तथा PLFI के तीन पर्चे बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों ने रनिया कांड के अलावा तपकरा और आनंदपुर थाना क्षेत्रों में हुई लेवी मांगने की घटनाओं में भी अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।

पर्चा फेंककर व्यवसायियों और ठेकेदारों को बनाया जा रहा था निशाना
पुलिस प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 13 नवंबर 2026 को तपकरा थाना क्षेत्र के कमड़ा मोड़ के पास स्थित एक आवासीय विद्यालय में तथा 15 नवंबर 2026 को पश्चिमी सिंहभूम जिले के आनंदपुर थाना क्षेत्र में VKS सड़क निर्माण कार्य स्थल पर कुछ अपराधियों द्वारा PLFI का पर्चा फेंककर व्यवसायियों एवं निर्माण कार्य से जुड़े लोगों से लेवी की मांग की गई थी। इन घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए तपकरा, रनिया और आनंदपुर थाना की पुलिस लगातार संयुक्त रूप से विभिन्न ठिकानों पर छापेमारी कर रही थी।
बिना नंबर प्लेट की पल्सर बाइक ने खोला पुलिस कार्रवाई का रास्ता
इसी दौरान 21 नवंबर 2026 को खूंटी के पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली कि तीन व्यक्ति बिना नंबर प्लेट वाली पल्सर मोटरसाइकिल से जयपुर, केलो की ओर से रनिया आ रहे हैं। सूचना के सत्यापन और त्वरित कार्रवाई के लिए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, तोरपा के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया।
पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संदिग्ध वाहन की तलाश शुरू की। इस दौरान मौके से दो व्यक्तियों को पकड़ लिया गया। तलाशी लेने पर उनके पास से हथियार, कारतूस, मोबाइल और PLFI के तीन पर्चे बरामद हुए। पुलिस ने मोटरसाइकिल को भी जब्त कर लिया।

तीन थाना क्षेत्रों की घटनाओं में संलिप्तता स्वीकार
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ के दौरान रनिया थाना कांड संख्या-39/26 के अलावा तपकरा थाना कांड संख्या-10/26 और आनंदपुर थाना कांड संख्या-20/26 में भी अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है। वहीं, इस नेटवर्क से जुड़े अन्य फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
गिरफ्तार आरोपी
- संजू मांझी (करीब 24 वर्ष), पिता- बालू मांझी।
- अंकुश बागे उर्फ दोन्दो (करीब 24 वर्ष), पिता- राम बागे।
दोनों आरोपी ग्राम केलो, थाना रनिया, जिला खूंटी के निवासी बताए गए हैं।
ये सामान किए गए बरामद
- एक देशी कट्टा।
- एक जिंदा कारतूस।
- PLFI के तीन पर्चे।
- एक मोटरसाइकिल।
- एक मोबाइल फोन।
संयुक्त छापेमारी दल में शामिल अधिकारी
छापेमारी दल का नेतृत्व अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, तोरपा श्री विजय कुमार सिंह ने किया। टीम में मनोहरपुर अंचल, पश्चिमी सिंहभूम के श्री अमित रोशन कुल्लु, रनिया थाना प्रभारी पु०अ०नि० श्यामल कुम्भकार, आनंदपुर थाना प्रभारी पु०अ०नि० प्रिंस, तपकरा थाना के स०अ०नि० कैलाश उरांव सहित रनिया, तपकरा एवं आनंदपुर थाना के सशस्त्र बल शामिल थे।
पुलिस की इस संयुक्त कार्रवाई को PLFI के नाम पर लेवी वसूली करने वाले नेटवर्क के खिलाफ महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है। खासकर सड़क निर्माण कार्यों और व्यवसायियों को निशाना बनाकर भय का माहौल पैदा करने की कोशिशों पर इस कार्रवाई से अंकुश लगाने की उम्मीद है।










