भ्रष्टाचार नक्सल खदान
अपराध राजनीति खेल समस्या स्वास्थ्य कार्यक्रम शिक्षा दुर्घटना सांस्कृतिक मनोरंजन मौसम कृषि ज्योतिष काम

ठेकेदारों से लेवी वसूली की साजिश नाकाम

On: May 26, 2026 4:57 PM
Follow Us:
---Advertisement---

आनन्दपुर पुलिस ने पीएलएफआई से जुड़े तीन आरोपियों को दबोचा, पिस्टल-कारतूस और मोबाइल बरामद

रिपोर्ट : शैलेश सिंह
पश्चिमी सिंहभूम जिले के आनन्दपुर थाना क्षेत्र में सड़क निर्माण कार्य करा रहे ठेकेदारों से लेवी वसूलने की साजिश को पुलिस ने समय रहते विफल कर दिया। गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए आनन्दपुर पुलिस ने पीएलएफआई से जुड़े तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अपराधियों के पास से एक देशी पिस्टल, जिंदा कारतूस, मिस फायर कारतूस, कई मोबाइल फोन और अन्य सामान बरामद किए गए हैं। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में सक्रिय उग्रवादी और आपराधिक नेटवर्क पर बड़ा प्रहार माना जा रहा है।

 

गुप्त सूचना पर हरकत में आई पुलिस

जानकारी के अनुसार दिनांक 25 मई 2026 को सुबह करीब 7:30 बजे आनन्दपुर थाना को गुप्त सूचना मिली कि कुछ अपराधकर्मी ग्राम ईचिण्डा से गोयराबेड़ा तक सड़क निर्माण कार्य कर रहे ठेकेदार से लेवी वसूलने की योजना बनाकर क्षेत्र में घूम रहे हैं। सूचना मिलते ही आनन्दपुर थाना में सनहा दर्ज कर वरीय अधिकारियों को अवगत कराया गया।
पुलिस अधीक्षक, पश्चिमी सिंहभूम के निर्देश पर तत्काल एक विशेष छापामारी टीम का गठन किया गया। टीम ने सुबह करीब 8:20 बजे बुरुईचिण्डा से गोयराबेड़ा जाने वाली कच्ची सड़क स्थित गोयराबेड़ा जंगल के समीप घेराबंदी शुरू की।

पुलिस वाहन देखते ही जंगल की ओर भागे आरोपी

जैसे ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, सामने से आ रहे दो युवक पुलिस वाहन देखकर जंगल की ओर भागने लगे। जवानों और पुलिस पदाधिकारियों ने पीछा कर दोनों को दबोच लिया। पूछताछ में दोनों कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सके।
गिरफ्तार युवकों ने अपना नाम क्रमशः संजु भोगता और कृष्णा भोगता बताया। दोनों आनन्दपुर थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं।

तलाशी में मिला पिस्टल और कारतूस

पुलिस द्वारा तलाशी लेने पर संजु भोगता के कमर से मैगजीन सहित एक देशी पिस्टल बरामद हुआ। पिस्टल में एक जिंदा और एक मिस फायर कारतूस लगा हुआ था। उसके पास से तीन स्मार्टफोन और दो कीपैड मोबाइल भी मिले।
वहीं कृष्णा भोगता के पास से तीन जिंदा कारतूस और एक स्मार्टफोन बरामद किया गया। जब पुलिस ने हथियार और कारतूस के संबंध में दस्तावेज मांगे तो दोनों कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके।

व्हाट्सएप कॉल से ठेकेदारों को दी जाती थी धमकी

पुलिस की सख्ती के बाद संजु भोगता ने खुलासा किया कि वे व्हाट्सएप कॉल के माध्यम से ठेकेदारों को लेवी के लिए धमकाते थे। उसने स्वीकार किया कि वह पहले पीएलएफआई संगठन से जुड़ा रहा है और वर्तमान में सड़क निर्माण कार्य करा रहे ठेकेदारों को डराकर वसूली करने पहुंचा था।
इसके बाद पुलिस ने दोनों को विधिवत गिरफ्तार कर उनके खिलाफ आनन्दपुर थाना कांड संख्या 13/26 दर्ज किया। मामले में भारतीय न्याय संहिता 2023 की विभिन्न धाराओं तथा आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई।

स्वीकारोक्ति के बाद तीसरा आरोपी भी गिरफ्तार

गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने उसी रात हारता गांव निवासी संजय साय को भी गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से एक स्मार्टफोन बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार संजय साय का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है और वह पूर्व में भी कई गंभीर मामलों में जेल जा चुका है।
सड़क निर्माण कंपनी के वाहन जलाने में भी था हाथ
पूछताछ में संजु भोगता ने यह भी स्वीकार किया कि 9 फरवरी 2026 को रोबोकेरा गांव में सड़क निर्माण कार्य में लगी वैष्णवी इन्फ्रा प्रोजेक्ट कंपनी के वाहनों को आग लगाने की घटना में भी उसकी संलिप्तता थी। इस मामले में आनन्दपुर थाना में पूर्व से मामला दर्ज है।
पुलिस अब इस गिरोह के अन्य सदस्यों और इनके नेटवर्क की जांच में जुट गई है।

बरामद सामान

पुलिस ने आरोपियों के पास से निम्न सामान बरामद किए हैं—
* एक देशी पिस्टल मैगजीन सहित
* 7.65 एमएम के चार जिंदा कारतूस
* एक मिस फायर कारतूस
* पांच स्मार्टफोन
* दो कीपैड मोबाइल फोन

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान

* संजु भोगता (23 वर्ष), ग्राम बेड़ाकुन्दुदा, थाना आनन्दपुर
* कृष्णा भोगता (27 वर्ष), ग्राम कुदाहाँसदा, थाना आनन्दपुर
* संजय साय (36 वर्ष), ग्राम हारता, थाना आनन्दपुर

अपराध का पुराना रिकॉर्ड भी सामने आया

पुलिस जांच में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपियों का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है। संजय साय के खिलाफ हत्या, अपहरण, सीएलए एक्ट और आर्म्स एक्ट जैसे गंभीर मामलों में पूर्व से कांड दर्ज हैं। वहीं संजु भोगता पर भी आर्म्स एक्ट और अन्य आपराधिक मामलों में केस दर्ज हैं।

पुलिस टीम की भूमिका सराहनीय

इस पूरी कार्रवाई का नेतृत्व आनन्दपुर थाना प्रभारी पु०अ०नि० प्रिंस ने किया। छापामारी दल में पु०अ०नि० सुबोध कुमार गौतम, थाना के चालक तथा सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।

आम लोगों से पुलिस की अपील

चाईबासा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि, उग्रवादी गतिविधि या लेवी वसूली से संबंधित सूचना तत्काल नजदीकी थाना, डायल 112 अथवा पुलिस कंट्रोल रूम के मोबाइल नंबर 9508243546 पर दें। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

SINGHBHUMHALCHAL NEWS

सिंहभूम हलचल न्यूज़ एक स्थानीय समाचार मंच है, जो पश्चिमी सिंहभूम, झारखंड से सटीक और समय पर समाचार प्रदान करने के लिए समर्पित है। यह राजनीति, अपराध, मौसम, संस्कृति और सामुदायिक मुद्दों को हिंदी में कवर करता है।

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Comment