भ्रष्टाचार नक्सल खदान
अपराध राजनीति खेल समस्या स्वास्थ्य कार्यक्रम शिक्षा दुर्घटना सांस्कृतिक मनोरंजन मौसम कृषि ज्योतिष काम

किरीबुरु लौह अयस्क खदान में 14 से 26 सितंबर तक मनेगा हिंदी दिवस एवं राजभाषा पखवाड़ा

On: September 12, 2026 4:29 PM
Follow Us:
किरीबुरु लौह अयस्क खदान में 14 से 26 सितंबर तक मनेगा हिंदी दिवस एवं राजभाषा पखवाड़ा
---Advertisement---

अधिकारी, कर्मचारी, ठेका श्रमिकों से लेकर स्कूली बच्चों और उनके अभिभावकों तक के लिए होंगी विविध प्रतियोगिताएं, 26 सितंबर को सांस्कृतिक कार्यक्रम के साथ होगा समापन

रिपोर्ट : शैलेश सिंह

किरीबुरु। केंद्रीय खनन एवं रसद संगठन (सीएमएलओ) की किरीबुरु लौह अयस्क खदान में 14 से 26 सितंबर 2026 तक हिंदी दिवस एवं राजभाषा पखवाड़ा का आयोजन किया जाएगा। मानव एवं संसाधन विभाग के राजभाषा प्रकोष्ठ की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार पखवाड़े के दौरान अधिकारियों, स्थायी कर्मचारियों, ठेका श्रमिकों, उनके पति-पत्नी तथा किरीबुरु में रहने वाले स्कूली बच्चों के लिए विभिन्न प्रकार की प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।

किरीबुरु लौह अयस्क खदान में 14 से 26 सितंबर तक मनेगा हिंदी दिवस एवं राजभाषा पखवाड़ा

14 सितंबर को होगा उद्घाटन

हिंदी दिवस एवं राजभाषा पखवाड़ा का उद्घाटन 14 सितंबर को सुबह 11:30 बजे किरीबुरु जेनरल ऑफिस में किया जाएगा।

15 सितंबर : आशुभाषण और पति-पत्नी के लिए कविता-पाठ

15 सितंबर को अपराह्न 3 बजे अधिकारियों, स्थायी कर्मचारियों एवं ठेका श्रमिकों के लिए आशुभाषण प्रतियोगिता होगी। प्रतियोगिता स्थल पर प्रतिभागियों को विषय उपलब्ध कराया जाएगा और प्रत्येक प्रतिभागी को लगभग 3 मिनट का समय मिलेगा।
इसी दिन अपराह्न 5 बजे अधिकारियों एवं स्थायी कर्मचारियों के पति-पत्नी (Spouse) के लिए कविता-पाठ/गीत प्रतियोगिता होगी। इसमें विषय प्रतिभागियों की पसंद का होगा।

16 सितंबर : निबंध में औद्योगिक सुरक्षा पर होगी प्रतिभागियों की परीक्षा

16 सितंबर को शाम 5 बजे निबंध प्रतियोगिता आयोजित होगी। इसका विषय “औद्योगिक सुरक्षा—दायरा और महत्व” रखा गया है। इसमें किरीबुरु खदान के अधिकारी, स्थायी कर्मचारी एवं ठेका श्रमिक भाग ले सकेंगे।

18 सितंबर : कार्यालयीन पत्र लेखन के साथ बच्चों की पेंटिंग प्रतियोगिता

18 सितंबर को शाम 5 बजे कर्मचारियों के लिए कार्यालयीन पत्र-लेखन प्रतियोगिता होगी। प्रतियोगिता स्थल पर ही प्रतिभागियों को विषय दिया जाएगा। इसके लिए एक घंटे का समय निर्धारित किया गया है।
इसी दिन अपराह्न 3 बजे स्कूली बच्चों के लिए पेंटिंग प्रतियोगिता होगी। इसमें अलग-अलग कक्षाओं के बच्चों के लिए अलग विषय निर्धारित किए गए हैं। एलकेजी एवं नर्सरी के बच्चों के लिए फूल का चित्र, कक्षा 1-2 के बच्चों के लिए भारत का राष्ट्रीय ध्वज, कक्षा 3-5 के बच्चों के लिए “स्वच्छ भारत”, जबकि कक्षा 6-8 के बच्चों के लिए किरीबुरु के किसी भी दृश्य अथवा किसी भी मार्केट का चित्र बनाने का विषय रखा गया है।

19 सितंबर : श्रुतिलेख और निबंध प्रतियोगिता

19 सितंबर को शाम 5 बजे कर्मचारियों के लिए श्रुतिलेख प्रतियोगिता आयोजित होगी। इसमें भी प्रतियोगिता स्थल पर प्रतिभागियों को विषय उपलब्ध कराया जाएगा तथा इसके लिए एक घंटे का समय निर्धारित है।
इसी दिन अपराह्न 3 बजे स्कूली बच्चों की निबंध प्रतियोगिता होगी।
कक्षा 6 से 8: “सोशल मीडिया का प्रभाव”
कक्षा 9 से 10: “आधुनिक शिक्षा में प्रौद्योगिकी की भूमिका”
कक्षा 11 से 12: “प्रौद्योगिकी और वैश्विक अर्थव्यवस्था”

20 सितंबर : बच्चों में कविता-पाठ से निखरेगी प्रतिभा

20 सितंबर को सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक एलकेजी, नर्सरी तथा कक्षा 1-2 के छात्र-छात्राओं के लिए कविता-पाठ प्रतियोगिता होगी।
इसके बाद अपराह्न 3 बजे कक्षा 3-5 एवं कक्षा 6-8 के बच्चों के लिए कविता-पाठ प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। प्रतियोगिता का विषय किसी भी विषय पर, केवल फिल्म छोड़कर रखा गया है।

21 सितंबर : प्रश्नोत्तरी और रोचक वाद-विवाद

21 सितंबर को शाम 5 बजे अधिकारियों, स्थायी कर्मचारियों एवं ठेका श्रमिकों के लिए हिंदी में प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता होगी। इसमें सामान्य ज्ञान, सामाजिक विषय, खेल, फिल्मी जगत तथा हिंदी सामान्य ज्ञान से संबंधित प्रश्न पूछे जाएंगे। प्रतियोगिता के लिए 3-3 सदस्यों के समूह बनाए जाएंगे और टीमों का विभाजन प्रतियोगिता स्थल पर पर्ची के माध्यम से किया जाएगा।
इसी दिन अपराह्न 3 बजे स्कूली बच्चों की वाद-विवाद प्रतियोगिता होगी। इसमें कक्षा के अनुसार तीन महत्वपूर्ण विषय रखे गए हैं—
कक्षा 6 से 8: क्या स्कूल यूनिफॉर्म अनिवार्य होनी चाहिए?
कक्षा 9 से 10: क्या तकनीक/आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के कारण हम कम बुद्धिमान होते जा रहे हैं?
कक्षा 11 से 12: निजीकरण देश के लिए फायदेमंद है या नुकसानदायक?

किरीबुरु में रहने वाले सभी बच्चे ले सकेंगे हिस्सा

कार्यक्रम के तहत किरीबुरु में रहने वाले विभिन्न विद्यालयों के बच्चे प्रतियोगिताओं में भाग ले सकेंगे। आयोजकों के अनुसार बच्चों के लिए अधिकतम 200 प्रतिभागियों को मौका दिया जाएगा। चयन पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर किया जाएगा।

15 सितंबर तक विद्यालय स्तर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम

सांस्कृतिक कार्यक्रम विद्यालय स्तर पर आयोजित होंगे। प्रत्येक विद्यालय को 15 सितंबर तक अधिकतम चार मनोरंजन कार्यक्रम प्रस्तुत करने होंगे। इसके लिए प्रत्येक विद्यालय से अधिकतम एक घंटा कार्यक्रम प्रस्तुत करने की अनुमति होगी।

भारतीय संस्कृति और सभ्यता पर आधारित होंगे सांस्कृतिक कार्यक्रम

आयोजकों ने स्पष्ट किया है कि सांस्कृतिक कार्यक्रमों में इस्तेमाल किए जाने वाले गीतों का चयन इस प्रकार किया जाए, जिससे भारतीय संस्कृति एवं सभ्यता प्रदर्शित हो। पश्चिमी सभ्यता से प्रेरित नृत्य अथवा गीतों को अनुमति नहीं दी जाएगी।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों में इस्तेमाल किए जाने वाले गीतों का विवरण 16 सितंबर 2026 तक राजभाषा प्रकोष्ठ को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है।

विद्यालयों के प्राचार्य-प्रधानाध्यापक करेंगे प्रतियोगिताओं का संचालन

स्कूली प्रतियोगिताओं का संचालन संबंधित विद्यालय के प्राचार्य अथवा प्रधानाध्यापक करेंगे। वहीं प्रतियोगिताओं के लिए पर्यवेक्षक संबंधित विभाग की ओर से नामित अधिकारी होंगे।

सभी विभाग प्रमुखों से कर्मचारियों को नामित करने का आग्रह

किरीबुरु खदान के सभी कर्मचारियों, विद्यालय परिसर एवं अभिभावकों से हिंदी दिवस एवं राजभाषा पखवाड़ा के सभी कार्यक्रमों में भाग लेकर इसे सफल बनाने की अपील की गई है। साथ ही सभी विभाग प्रमुखों से अपने अधीनस्थ अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए नामित करने का आग्रह किया गया है।

हिंदी में बेहतर कार्य करने वाले दो कर्मियों को मिलेगा सम्मान

पखवाड़े के अवसर पर पिछले वर्ष के दौरान हिंदी में सर्वाधिक कार्य करने वाले दो कर्मियों को भी पुरस्कृत किया जाएगा। इससे कर्मचारियों को कार्यालयीन कार्यों में हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग के लिए प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है।

26 सितंबर को होगा भव्य समापन समारोह

हिंदी दिवस एवं राजभाषा पखवाड़ा का समापन समारोह एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम 26 सितंबर 2026 को शाम 7 बजे कम्युनिटी सेंटर, किरीबुरु में आयोजित किया जाएगा। इस दौरान प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित किए जाने के साथ सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी आकर्षण का केंद्र रहेंगी।
इस संबंध में जारी कार्यक्रम को सक्षम प्राधिकारी के अनुमोदन के बाद सहायक प्रबंधक (मानव एवं संसाधन) करुणाकर महांती की ओर से जारी किया गया है।

SINGHBHUMHALCHAL NEWS

सिंहभूम हलचल न्यूज़ एक स्थानीय समाचार मंच है, जो पश्चिमी सिंहभूम, झारखंड से सटीक और समय पर समाचार प्रदान करने के लिए समर्पित है। यह राजनीति, अपराध, मौसम, संस्कृति और सामुदायिक मुद्दों को हिंदी में कवर करता है।

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Comment