प्रशासन ने सौहार्द, सतर्कता और कानून व्यवस्था बनाए रखने की अपील की
रिपोर्ट: शैलेश सिंह / संदीप गुप्ता
मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर किरीबुरू और गुवा थाना परिसर में अलग-अलग शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। किरीबुरू में बैठक की अध्यक्षता थाना प्रभारी रोहित कुमार ने की, जबकि गुवा में बैठक की कमान किरीबुरू के एसडीपीओ विनीत कुमार किंडो ने संभाली।

ताजिया जुलूस नहीं, मस्जिदों में होगी इबादत
बैठक में मुस्लिम समुदाय के प्रतिनिधियों ने स्पष्ट किया कि किरीबुरू और गुवा की मस्जिदों में मोहर्रम के अवसर पर नमाज अदा की जाती है, लेकिन यहां ताजिया जुलूस निकालने की परंपरा नहीं है। प्रशासन ने इसे ध्यान में रखते हुए शांति और आपसी भाईचारे के साथ पर्व मनाने की अपील की।
अफवाहों और सोशल मीडिया पर प्रशासन की पैनी नजर
बैठक में अधिकारियों ने सोशल मीडिया पर भड़काऊ या आपत्तिजनक पोस्ट से बचने की अपील की। साथ ही कहा गया कि किसी भी अफवाह या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दी जाए, ताकि समय रहते कार्रवाई हो सके।
गुवा बाजार में जाम की समस्या उठी
गुवा की बैठक में स्थानीय लोगों ने मुख्य सड़क किनारे चारपहिया वाहनों के खड़े रहने से होने वाली जाम की समस्या को प्रमुखता से उठाया। इस पर एसडीपीओ ने भरोसा दिलाया कि जल्द सड़क किनारे खड़े वाहनों को हटाने की व्यवस्था की जाएगी।

प्रकाश व्यवस्था और सुरक्षा पर जोर
सार्वजनिक स्थलों पर पर्याप्त रोशनी की कमी को देखते हुए प्रशासन ने सेल प्रबंधन के सहयोग से जरूरी कदम उठाने की बात कही। साथ ही सार्वजनिक स्थानों पर शराब सेवन करने वालों पर सख्त निगरानी रखने का निर्णय लिया गया।

बाल श्रम के खिलाफ भी चलेगा अभियान
बैठक में दुकानों और प्रतिष्ठानों में बाल श्रम मिलने पर बच्चों को तत्काल मुक्त कर विद्यालय भेजने की कार्रवाई करने पर सहमति बनी। प्रशासन ने इसे सामाजिक जिम्मेदारी का हिस्सा बताते हुए सख्ती बरतने का संकेत दिया।
पुलिस हेल्पलाइन 112 पर तुरंत दें सूचना
एसडीपीओ विनीत कुमार किंडो ने कहा कि मोहर्रम शांति, अनुशासन और भाईचारे का पर्व है। किसी भी प्रकार की समस्या, विवाद या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस हेल्पलाइन 112 पर देने की अपील की गई।
बैठक में बड़ी संख्या में शामिल हुए जनप्रतिनिधि
किरीबुरू में मुखिया पार्वती कीड़ो, रब्बे आलम, कनक मिश्रा, प्रतिमा सिंह, शानी हेस्सा, नेहा हेंब्रम और शमीम उपस्थित थे।
वहीं गुवा में नजीर खान, सलीम कुरैशी, मुखिया चांदमनी लागुरी, गीता देवी, ममता देवी, पदमा केसरी, जानों चातर, विश्वजीत तांती, सुमित्रा पूर्ति, हरीश पूर्ति, राकेश कुमार झा, कृष्णा गोप, नरेश चौबे, मोहम्मद असलम तथा गुवा थाना प्रभारी नीतीश कुमार समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।











