रिपोर्ट: शैलेश सिंह
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर किरीबुरू पश्चिम पंचायत की मुखिया पार्वती कीड़ो एवं मेघाहातुबुरु दक्षिणी पंचायत की मुखिया प्रफुल्लित ग्लोरिया टोपनो के संयुक्त तत्वावधान में पंचायत एवं जेएसएलपीएस कार्यालय प्रांगण में विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा हरित भविष्य के निर्माण के लिए सामुदायिक भागीदारी को प्रोत्साहित करना था।

कार्यक्रम के तहत फुटबॉल मैदान में “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के अंतर्गत पौधारोपण किया गया। इस दौरान जनप्रतिनिधियों, महिलाओं एवं बच्चों ने पौधे लगाकर उनके संरक्षण का संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि बढ़ते पर्यावरणीय संकट और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए अधिक से अधिक वृक्षारोपण करना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है।
बच्चों ने दिखाई रचनात्मक प्रतिभा
विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में बच्चों के बीच चित्रांकन एवं पेंटिंग प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में बच्चों ने प्रकृति, वन संरक्षण, स्वच्छ पर्यावरण और जल संरक्षण जैसे विषयों पर आकर्षक चित्र बनाकर अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। बेहतर प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों की सराहना की गई और उन्हें पर्यावरण संरक्षण के संदेश को अपने परिवार एवं समाज तक पहुंचाने के लिए प्रेरित किया गया।

वन और पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों को वन एवं पर्यावरण की रक्षा, जल स्रोतों के संरक्षण तथा स्वच्छता बनाए रखने के लिए प्रेरित किया गया। पंचायत प्रतिनिधियों ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिन का अभियान नहीं, बल्कि निरंतर चलने वाली सामूहिक जिम्मेदारी है।

इस अवसर पर उपमुखिया सुमन मुंडू सहित बड़ी संख्या में स्वयं सहायता समूह की महिलाएं, ग्रामीण एवं बच्चे उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर हरित और स्वच्छ वातावरण के निर्माण का संकल्प दोहराया तथा आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रकृति को सुरक्षित रखने का संदेश दिया।









