रिपोर्ट : शैलेश सिंह
किरीबुरू-बड़ाजामदा मुख्य मार्ग पर स्थित ओम शांति स्थल मंदिर के नीचे खतरनाक मोड़ पर बुधवार को एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। JH 05DL 3193 नंबर की एक लाइन ट्रक अचानक अनियंत्रित हो गई, लेकिन चालक की सूझबूझ और त्वरित निर्णय के कारण संभावित बड़ी दुर्घटना टल गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रक तीखी चढ़ाई और घुमावदार मोड़ से गुजर रही थी, तभी वाहन का संतुलन बिगड़ गया। चालक ने धैर्य और समझदारी का परिचय देते हुए किसी तरह वाहन को नियंत्रित कर लिया, जिससे ट्रक गहरी खाई में गिरने या सामने से आने वाले वाहनों से टकराने से बच गई।
स्थानीय लोगों का कहना है कि ओम शांति स्थल मंदिर के आसपास का यह इलाका दुर्घटना संभावित क्षेत्र के रूप में जाना जाता है। यहां कम दूरी में चार तीखे मोड़ और ऊंची चढ़ाई होने के कारण भारी वाहनों को मोड़ने में काफी कठिनाई होती है। विशेषकर लौह अयस्क और अन्य भारी माल ढोने वाले ट्रकों के लिए यह मार्ग हमेशा जोखिम भरा बना रहता है।
ग्रामीणों और राहगीरों ने प्रशासन से इस संवेदनशील स्थल पर सड़क चौड़ीकरण, चेतावनी संकेतक, सुरक्षा बैरियर तथा यातायात नियंत्रण के प्रभावी उपाय करने की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे से बचा जा सके।












