कॉलेज की पढ़ाई के साथ निजी कंपनी में करती थी पार्ट-टाइम काम, पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव
रिपोर्ट : शैलेश सिंह
बोलानी थाना क्षेत्र के टाउनशिप मुख्य बाजार के समीप सोमवार सुबह एक घर में युवती का फंदे से लटका शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही बोलानी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।

कॉलेज छात्रा थी मृतका
मिली जानकारी के अनुसार मृतका की पहचान तानिया ठाकुर के रूप में हुई है। वह बड़बिल कॉलेज की छात्रा थी और पढ़ाई के साथ-साथ बड़बिल स्थित एक निजी कंपनी में पार्ट-टाइम काम भी करती थी।
रात में कमरे में पढ़ने गई थी
परिजनों के अनुसार रविवार रात तानिया रोज की तरह अपने कमरे में पढ़ाई और अन्य कार्य करने के लिए गई थी। देर रात जब परिजनों ने कमरे में जाकर देखा तो वह फंदे से लटकी हुई मिली। यह दृश्य देखकर परिवार के लोग स्तब्ध रह गए।
सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस
घटना की जानकारी मिलने पर बोलानी थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मामला दर्ज, हर पहलू की जांच जारी
पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया है और घटना के सभी पहलुओं की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का आधिकारिक खुलासा नहीं हुआ है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के कारणों को लेकर स्पष्ट जानकारी सामने आएगी।
इलाके में शोक की लहर
इस घटना से मृतका के परिजनों, मित्रों और परिचितों में गहरा शोक है। स्थानीय लोगों ने भी घटना पर दुख व्यक्त किया है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि जांच पूरी होने से पहले घटना के कारणों को लेकर किसी भी तरह की अटकलें न लगाएं।












