17 अगस्त तक आवेदन, 19 अगस्त को साक्षात्कार; सीएसआर गांवों के युवाओं को मिलेगी पहली प्राथमिकता
रिपोर्ट : शैलेश सिंह
मेघाहातुबुरु। स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (सेल) के झारखंड ग्रुप ऑफ माइंस, मेघाहातुबुरु लौह अयस्क खदान प्रबंधन ने अपने निगमित सामाजिक दायित्व (सीएसआर) के तहत स्थानीय बेरोजगार एवं आर्थिक रूप से कमजोर युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की है। प्रबंधन ने वर्ष 2026-29 के जनरल नर्सिंग एंड मिडवाइफरी (GNM) प्रशिक्षण के लिए योग्य अभ्यर्थियों से आवेदन आमंत्रित किए हैं।

स्किल इंडिया मिशन के तहत आत्मनिर्भर बनाने की पहल
सेल प्रबंधन ने जारी अपील में कहा है कि भारत सरकार के स्किल इंडिया कार्यक्रम के अनुरूप स्थानीय युवाओं को रोजगारपरक प्रशिक्षण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह योजना संचालित की जा रही है। इसका मकसद आर्थिक रूप से पिछड़े और बेरोजगार युवाओं को नर्सिंग के क्षेत्र में प्रशिक्षित कर रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है।
17 अगस्त तक जमा करना होगा आवेदन
इच्छुक अभ्यर्थियों को निर्धारित आवेदन प्रपत्र के साथ सभी आवश्यक दस्तावेज संलग्न कर 17 अगस्त 2026 की शाम 4:00 बजे तक सौभाग्य स्वरोजगार केंद्र, मेघाहातुबुरु में आवेदन जमा करना होगा।
सेल प्रबंधन ने स्पष्ट किया है कि सरकार के निर्देशानुसार जीएनएम प्रशिक्षण की प्रवेश प्रक्रिया 31 अगस्त 2026 से पहले पूरी कर ली जाएगी। इसलिए समय सीमा के भीतर आवेदन करना अनिवार्य होगा।
19 अगस्त को होगा साक्षात्कार
जीएनएम प्रशिक्षण के लिए चयन प्रक्रिया के तहत 19 अगस्त 2026 को सुबह 11:00 बजे मेघाहातुबुरु के सामुदायिक भवन में साक्षात्कार आयोजित किया जाएगा।
सीएसआर गांवों के युवाओं को पहली प्राथमिकता
सेल द्वारा जारी सूचना के अनुसार चयन प्रक्रिया में सबसे पहले मेघाहातुबुरु खदान के सीएसआर गांवों के पात्र युवाओं को प्राथमिकता दी जाएगी। इसके बाद अभ्यर्थियों का चयन साक्षात्कार एवं शैक्षणिक योग्यता (अंकों) के आधार पर किया जाएगा।
इन दस्तावेजों के साथ करें आवेदन
आवेदन के साथ अभ्यर्थियों को मैट्रिक एवं इंटर की अंकपत्र एवं प्रमाण-पत्र, विद्यालय त्याग प्रमाण-पत्र, चरित्र प्रमाण-पत्र, जाति, आवासीय एवं आय प्रमाण-पत्र, आधार कार्ड, पासपोर्ट आकार के फोटो तथा अन्य आवश्यक दस्तावेज संलग्न करने होंगे। बीपीएल श्रेणी के अभ्यर्थियों को बीपीएल प्रमाण-पत्र भी देना होगा।
इन शर्तों का रखना होगा ध्यान
प्रबंधन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार—
* इंटरमीडिएट (12वीं) की अंकपत्र के बिना आवेदन स्वीकार नहीं होगा।
* अंग्रेजी विषय में अनुत्तीर्ण अभ्यर्थियों का आवेदन निरस्त कर दिया जाएगा।
* इंटरमीडिएट में 40 प्रतिशत से कम अंक प्राप्त करने वाले अभ्यर्थी पात्र नहीं होंगे।
* एनआईओएस (NIOS) से उत्तीर्ण अभ्यर्थियों के लिए अंग्रेजी विषय अनिवार्य होगा।
* प्रशिक्षण के लिए दी जाने वाली सीएसआर प्रायोजन से सेल में नौकरी का कोई दावा या अधिकार प्राप्त नहीं होगा।
स्थानीय जनप्रतिनिधियों से सहयोग की अपील
सेल, मेघाहातुबुरु के सहायक महाप्रबंधक (सीएसआर) मृत्युंजय कुमार ने सभी मुखिया, मुंडा एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों से अपील की है कि वे अपने-अपने क्षेत्र के योग्य एवं जरूरतमंद युवाओं को इस योजना की जानकारी दें, ताकि अधिक से अधिक स्थानीय बेरोजगार एवं आर्थिक रूप से कमजोर युवक-युवतियां इस सुनहरे अवसर का लाभ उठा सकें।
प्रबंधन ने आवेदन एवं चयन प्रक्रिया से संबंधित जानकारी के लिए 9470567680 एवं 8521125075 पर संपर्क करने की सुविधा भी उपलब्ध कराई है।












