राजभाषा के प्रचार-प्रसार के साथ विभिन्न प्रतियोगिताओं का होगा आयोजन, विद्यार्थियों से लेकर अधिकारी-कर्मचारी तक लेंगे भाग
28 सितंबर को पुरस्कार वितरण एवं विचार अभिव्यक्ति के साथ होगा हिंदी पखवाड़ा का भव्य समापन
रिपोर्ट : शैलेश सिंह
मेघाहातुबुरु। सेल, केंद्रीय इस्पात एवं खदान संगठन के मेघाहातुबुरु लौह अयस्क खदान में 14 सितंबर हिंदी दिवस के अवसर पर हिंदी पखवाड़ा का आयोजन किया जा रहा है। खदान के राजभाषा प्रकोष्ठ (कार्मिक एवं प्रशासन विभाग) की ओर से जारी परिपत्र के अनुसार 14 सितंबर से 28 सितंबर 2026 तक विभिन्न हिंदी आधारित प्रतियोगिताओं, कार्यक्रमों एवं जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रमों का मुख्य उद्देश्य खदान एवं आसपास के विद्यालयों में हिंदी के प्रति रुचि बढ़ाने तथा राजभाषा हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग को प्रोत्साहित करना है।

13 सितंबर से शुरू होंगी प्रतियोगिताएं
हिंदी पखवाड़ा के कार्यक्रमों की शुरुआत 13 सितंबर 2026, रविवार को सुबह 11 बजे सामुदायिक केंद्र मेघाहातुबुरु में होगी। इस दिन विद्यार्थियों के लिए पेंटिंग प्रतियोगिता एवं नारा पोस्टर प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। पेंटिंग प्रतियोगिता में नर्सरी से लेकर कक्षा 6 तक के विद्यार्थियों को अलग-अलग वर्गों में शामिल किया जाएगा, जबकि नारा पोस्टर प्रतियोगिता कक्षा 7 एवं 8 के विद्यार्थियों के लिए होगी।
14-15 सितंबर को हिंदी दिवस एवं राजभाषा सम्मेलन
14 एवं 15 सितंबर को हिंदी दिवस तथा छठे अखिल भारतीय राजभाषा सम्मेलन से संबंधित कार्यक्रम होंगे। परिपत्र में उल्लेख है कि 14 सितंबर को हिंदी दिवस तथा 14 एवं 15 सितंबर को छठे अखिल भारतीय राजभाषा सम्मेलन का आयोजन विज्ञान भवन, नई मुंबई, महाराष्ट्र में निर्धारित है। इसके साथ भारत सरकार के विभिन्न मंत्रालयों, विभागों, संबद्ध कार्यालयों, बैंकों एवं उपक्रमों में राजभाषा के कार्य से जुड़े कार्मिकों तथा राजभाषा का काम देख रहे अधिकारियों-कर्मचारियों को कार्यक्रमों से जोड़ा जाएगा।
18 सितंबर को निबंध प्रतियोगिता
18 सितंबर, शुक्रवार को शाम 5.30 बजे सामुदायिक केंद्र मेघाहातुबुरु में निबंध प्रतियोगिता होगी। इसमें खदान के सभी अधिकारी वर्ग एवं कार्मिक तथा अहिंदी भाषी अधिकारी वर्ग एवं कार्मिक भाग ले सकेंगे। प्रतियोगिता के विषयों में हिंदी साहित्य के इतिहास पर प्रकाश डालिए तथा खदान में सुरक्षा प्रबंधन की आवश्यकता पर प्रकाश डालिए शामिल हैं।
19 सितंबर को क्विज प्रतियोगिता
19 सितंबर, शनिवार को शाम 5.30 बजे सभी अधिकारी वर्ग एवं कार्मिकों के लिए क्विज प्रतियोगिता आयोजित होगी। प्रतियोगिता लिखित प्रश्नावली के माध्यम से निर्धारित समय के अंदर पूरी कराई जाएगी।
20 सितंबर को विद्यार्थियों के लिए कविता पाठ
20 सितंबर, रविवार को सुबह 9.30 बजे कविता पाठ प्रतियोगिता आयोजित होगी। इसमें नर्सरी, कक्षा 1-2, 3-4, 5-6 तथा 7-8 के विद्यार्थियों के लिए अलग-अलग वर्ग निर्धारित किए गए हैं। प्रतियोगिता में किसी भी विषय पर कविता पाठ किया जा सकेगा। नर्सरी से कक्षा 4 तक के लिए समय सुबह 9.30 से दोपहर 1 बजे तक तथा कक्षा 5 से 8 तक के लिए शाम 5 से 7.30 बजे तक समय निर्धारित किया गया है।

22 सितंबर को फिर होगा कविता पाठ
22 सितंबर, सोमवार को शाम 5.30 बजे कक्षा 9-10, कक्षा 11-12 के छात्र-छात्राओं के साथ सभी अधिकारी एवं गैर-अधिकारी वर्ग तथा घरेलू महिलाओं के लिए कविता पाठ प्रतियोगिता होगी। इसमें प्रतिभागी किसी भी विषय पर कविता प्रस्तुत कर सकेंगे।
23 सितंबर को लेखन प्रतिभा का होगा परीक्षण
23 सितंबर, बुधवार को शाम 5.30 बजे तीन अलग-अलग लेखन प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। इनमें आवेदन पत्र लेखन, आवेदन पत्र लेखन एवं टिप्पणी पत्र लेखन शामिल हैं। खदान के हिंदी भाषी फील्ड कार्मिकों, अहिंदी भाषी कार्मिकों तथा अधिकारी वर्ग एवं हिंदी डिप्लोमाधारी कार्मिकों के लिए अलग-अलग प्रतियोगिता श्रेणियां निर्धारित की गई हैं।
24 सितंबर को अनुवाद एवं श्रुतिलेख प्रतियोगिता
24 सितंबर, गुरुवार को शाम 5.30 बजे अनुवाद प्रतियोगिता (हिंदी-अंग्रेजी) एवं श्रुतिलेख प्रतियोगिता होगी। इसमें अधिकारी वर्ग एवं कार्मिकों के लिए अलग-अलग श्रेणियां निर्धारित की गई हैं। अनुवाद प्रतियोगिता लिखित प्रश्नावली के आधार पर निर्धारित समय में होगी।
25 सितंबर को हिंदी निबंध प्रतियोगिता
25 सितंबर, शुक्रवार को शाम 5.30 बजे हिंदी निबंध प्रतियोगिता होगी। इसमें कक्षा 9 एवं 10 तथा 11 एवं 12 के छात्र-छात्राएं भाग लेंगे। प्रतियोगिता के विषयों में देश के विकास में नैतिक मूल्य की शिक्षा कितनी उपयोगी है तथा राजभाषा हिंदी का विकास राष्ट्रीय एकता के लिए आवश्यक है या नहीं शामिल हैं।
26 सितंबर को अंताक्षरी में दिखेगा हिंदी गीतों का रंग
26 सितंबर, शनिवार को शाम 4.30 बजे से अंताक्षरी (हिंदी गीत) प्रतियोगिता होगी। इसमें नौकरी पेशा नहीं करने वाली घरेलू महिलाओं के लिए शाम 4.30 से 6.30 बजे तक तथा खदान के सभी अधिकारी वर्ग एवं कार्मिकों के लिए शाम 6.30 से 8.30 बजे तक प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। प्रतियोगिता में मान्य हिंदी फिल्मों के गीत, भजन, लोकगीत, संस्कार गीत आदि प्रस्तुत किए जा सकेंगे।
28 सितंबर को होगा पुरस्कार वितरण एवं समापन समारोह
हिंदी पखवाड़ा का समापन समारोह 28 सितंबर 2026, सोमवार को शाम 6 बजे सामुदायिक केंद्र मेघाहातुबुरु में आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर हिंदी दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के सफल प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। साथ ही समापन समारोह में आमंत्रित अतिथियों द्वारा हिंदी एवं राजभाषा के महत्व पर अपने-अपने विचार व्यक्त किए जाएंगे।
विद्यालयों से विद्यार्थियों के नाम भेजने का अनुरोध
परिपत्र के माध्यम से केंद्रीय विद्यालय मेघाहातुबुरु के प्राचार्य, झारखंड राजकीय उच्च विद्यालय मेघाहातुबुरु के प्रधानाध्यापक एवं केंद्रीय विद्यालय मेघाहातुबुरु के नर्सरी प्रभारी से अनुरोध किया गया है कि छात्र-छात्राओं को निर्धारित कार्यक्रमों एवं प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए प्रेरित करते हुए उनके नाम भेजे जाएं।
प्रत्येक वर्ग से तीन विद्यार्थियों के नाम भेजने का निर्देश
सभी विद्यालयों के प्राचार्य, प्रधानाध्यापक एवं प्रभारी से कहा गया है कि प्रत्येक प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए परिपत्र के अनुसार प्रत्येक वर्ग से अधिकतम तीन छात्र-छात्राओं के नाम अग्रिम रूप से भेजे जाएं। वहीं कक्षा 9, 10, 11 एवं 12 की प्रतियोगिताओं में चार छात्र-छात्राओं के नाम प्रस्तावित किए जा सकते हैं।
हिंदी के प्रति रुचि बढ़ाने की पहल
इस पूरे आयोजन को लेकर अवधेश कुमार, सहायक महाप्रबंधक (सर्वेक्षण) सह मनोनीत हिंदी अधिकारी, की ओर से हिंदी पखवाड़ा को सफल बनाने की अपील की गई है। प्रतियोगिताओं में खदान के अधिकारी-कर्मचारियों के साथ विद्यार्थियों और घरेलू महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है। इससे हिंदी के प्रचार-प्रसार के साथ कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों में राजभाषा के प्रति जागरूकता, रचनात्मकता और लेखन-पठन की रुचि को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।














