कैंसर से जूझ रहे परमानंद दास ने इलाज के दौरान ली अंतिम सांस, शोकाकुल परिवार को बंधाया ढांढस
रिपोर्ट : शैलेश सिंह।
झारखंड मजदूर संघर्ष संघ (झामसंसं) मेघाहातुबुरु के सहायक सचिव सह सेल कर्मी दयानंद कुमार के पिता एवं पूर्व सेल कर्मी परमानंद दास के निधन की खबर से मेघाहातुबुरु क्षेत्र में शोक की लहर है। कैंसर से पीड़ित परमानंद दास का इलाज चल रहा था। इलाज के दौरान उनका निधन हो गया।

झामसंसं नेताओं ने दी भावभीनी श्रद्धांजलि
निधन की खबर मिलते ही झारखंड मजदूर संघर्ष संघ के केंद्रीय अध्यक्ष रामा पाण्डे समेत यूनियन के कई पदाधिकारी शोकाकुल परिवार के घर पहुंचे। सभी ने दिवंगत परमानंद दास के पार्थिव शरीर पर श्रद्धासुमन अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
इस दौरान किरीबुरू के महासचिव राजेन्द्र सिंद्रीया, मेघाहातुबुरु के महासचिव अफताब आलम, सहायक सचिव इंतखाब आलम, उपाध्यक्ष राजेश बनर्जी, अफताब आलम उर्फ लाल, हरीश, सत्यजीत साहू समेत दर्जनों लोग मौजूद रहे।
मिलनसार स्वभाव के लिए हमेशा याद रहेंगे परमानंद दास
श्रद्धांजलि देने पहुंचे लोगों ने कहा कि परमानंद दास बेहद मिलनसार एवं सरल स्वभाव के व्यक्ति थे। लोगों के साथ उनका आत्मीय व्यवहार था और क्षेत्र में वे अपने व्यवहार के लिए जाने जाते थे। उनके निधन से परिवार के साथ-साथ परिचितों और शुभचिंतकों में भी शोक है।

परिवार को दुख सहने की शक्ति देने की प्रार्थना
झामसंसं के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने शोकाकुल परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति की प्रार्थना की। साथ ही ईश्वर से परिवार के सदस्यों को इस अपार दुख को सहने की शक्ति प्रदान करने की कामना की।













