सीआरपीएफ जवानों ने बचाई जान
रिपोर्ट : शैलेश सिंह
छोटानागरा थाना क्षेत्र अंतर्गत सैडल-मनोहरपुर मुख्य सड़क मार्ग पर एक ट्रेलर वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में चालक और खलासी गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास तैनात सीआरपीएफ के जवान तत्काल मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। जवानों ने बिना देर किए अपने पास मौजूद फर्स्ट एड किट से दोनों घायलों का प्राथमिक उपचार किया। इसके बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए अस्पताल भेजने की व्यवस्था में जुट गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा काफी भयावह था और ट्रेलर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घायल चालक और खलासी दर्द से कराह रहे थे, लेकिन सीआरपीएफ जवानों की तत्परता से उन्हें समय पर सहायता मिल सकी।
नक्सल मोर्चे पर तैनात जवानों का मानवीय चेहरा
सारंडा के दुर्गम जंगलों में जहां सीआरपीएफ के जवान दिन-रात नक्सल उन्मूलन अभियान में लगे हुए हैं, वहीं उनका मानवीय चेहरा भी लगातार सामने आ रहा है। बंदूक और बुलेटप्रूफ जैकेट के बीच ड्यूटी निभाने वाले यही जवान संकट की घड़ी में आम लोगों के लिए फरिश्ता बन जाते हैं।

दुर्घटना स्थल पर जवानों ने जिस संवेदनशीलता और तेजी से घायलों की मदद की, उसने लोगों का दिल जीत लिया। स्थानीय लोगों ने कहा कि नक्सल प्रभावित क्षेत्र में सुरक्षा के साथ-साथ जवान मानवता की मिसाल भी पेश कर रहे हैं।











