भ्रष्टाचार नक्सल खदान
अपराध राजनीति खेल समस्या स्वास्थ्य कार्यक्रम शिक्षा दुर्घटना सांस्कृतिक मनोरंजन मौसम कृषि ज्योतिष काम

तांबा चोरी का खुलासा: नोवामुंडी पुलिस ने पांच आरोपियों को दबोचा, चोरी का तार बरामद

On: June 18, 2026 3:15 PM
Follow Us:
---Advertisement---

टाटा स्टील के कन्वेयर संचालन में इस्तेमाल होने वाला कीमती तांबा गायब, गुप्त सूचना पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई

रिपोर्ट शैलेश सिंह

टाटा स्टील नोवामुंडी में लगे कन्वेयर संचालन में उपयोग किए जा रहे तांबे के तार की चोरी के मामले में नोवामुंडी पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके पास से चोरी किए गए भारी मात्रा में तांबे के तार बरामद किए हैं। सभी गिरफ्तार अभियुक्तों को गुरुवार 18 जून 2026 को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
मिली जानकारी के अनुसार, दिनांक 15 जून 2026 को टाटा स्टील के सिक्योरिटी इंचार्ज द्वारा नोवामुंडी थाना में लिखित आवेदन देकर बताया गया था कि कंपनी परिसर में लगे कन्वेयर संचालन में प्रयोग होने वाले लगभग 100 मीटर तांबे के तार को अज्ञात चोरों ने चोरी कर लिया है। यह तार उत्पादन प्रक्रिया का अहम हिस्सा था, जिसकी चोरी से कंपनी के संचालन पर भी असर पड़ने की आशंका थी।
शिकायत के आधार पर नोवामुंडी थाना कांड संख्या 23/26 दर्ज करते हुए भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(2) के तहत मामला दर्ज किया गया। इसके बाद थाना प्रभारी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर मामले की जांच शुरू की गई।

गुप्त सूचना बनी सफलता की कुंजी

अनुसंधान और आसूचना संकलन के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि चोरी किए गए तांबे के तार को टेम्पु मुंडा और उसके सहयोगियों ने पुलिस के डर से अलग-अलग स्थानों पर छिपाकर रखा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने छापेमारी अभियान चलाया और एक-एक कर सभी आरोपियों को पकड़ लिया।
छापेमारी के दौरान टेम्पु मुंडा के पास से 45 मीटर लंबा करीब 1.5 इंच मोटा चोरी का तार बरामद हुआ। वहीं प्रेम गोप के पास से 25 मीटर, अनि मुंडा के पास से 18 मीटर, शिवा सरदार के पास से 27 मीटर और अंकित करुवा के पास से 4 मीटर चोरी का तांबा तार बरामद किया गया।
पुलिस ने सभी बरामद तारों को विधिवत जब्त कर लिया है।

गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान

गिरफ्तार अभियुक्तों में टेम्पु मुंडा (30), प्रेम गोप (19), अनि मुंडा (20), शिवा सरदार (20) और अंकित करुवा (19) शामिल हैं। सभी आरोपी नोवामुंडी थाना क्षेत्र के अलग-अलग इलाकों के निवासी बताए गए हैं।

औद्योगिक क्षेत्र में बढ़ती चोरी पर सवाल

इस घटना ने एक बार फिर औद्योगिक क्षेत्रों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। टाटा स्टील जैसे बड़े औद्योगिक प्रतिष्ठान में कन्वेयर लाइन से तांबे जैसे महंगे धातु की चोरी होना सुरक्षा तंत्र की गंभीर चूक मानी जा रही है। हालांकि पुलिस की त्वरित कार्रवाई से चोरी की गई सामग्री की बरामदगी संभव हो सकी।

छापामारी दल में शामिल अधिकारी

इस पूरे अभियान का नेतृत्व नोवामुंडी थाना प्रभारी पु०अ०नि नयन कुमार सिंह ने किया। उनके साथ पु०अ०नि पूर्णिमा कुमारी, पु०अ०नि अखिलेश सिंह, स०अ०नि बिनोद कुमार सिंह तथा JAP-09 के सशस्त्र बल शामिल थे।
पुलिस का कहना है कि मामले में आगे भी जांच जारी है और यह पता लगाया जा रहा है कि इस चोरी में कोई बड़ा गिरोह सक्रिय तो नहीं है।

SINGHBHUMHALCHAL NEWS

सिंहभूम हलचल न्यूज़ एक स्थानीय समाचार मंच है, जो पश्चिमी सिंहभूम, झारखंड से सटीक और समय पर समाचार प्रदान करने के लिए समर्पित है। यह राजनीति, अपराध, मौसम, संस्कृति और सामुदायिक मुद्दों को हिंदी में कवर करता है।

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Comment