भ्रष्टाचार नक्सल खदान
अपराध राजनीति खेल समस्या स्वास्थ्य कार्यक्रम शिक्षा दुर्घटना सांस्कृतिक मनोरंजन मौसम कृषि ज्योतिष काम

गुरु अर्जुन देव जी के शहीदी दिवस पर किरीबुरू-मेघाहातुबुरु में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब

On: June 18, 2026 1:41 PM
Follow Us:
---Advertisement---

 

सिंह सभा गुरुद्वारा में अखंड पाठ, अरदास और छबील सेवा के साथ गूंजा मानवता, सेवा और बलिदान का संदेश

रिपोर्ट : शैलेश सिंह

किरीबुरू स्थित सिंह सभा गुरुद्वारा में बुधवार 18 जून को सिख धर्म के पांचवें गुरु एवं प्रथम सिख शहीद श्री गुरु अर्जुन देव जी का शहीदी दिवस श्रद्धा, भक्ति और सेवा भाव के साथ मनाया गया। इस पावन अवसर पर गुरुद्वारा परिसर भक्तिमय माहौल में डूबा रहा, जहां धार्मिक अनुष्ठानों के साथ मानव सेवा के विविध कार्यक्रम आयोजित किए गए। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उपस्थित होकर गुरु जी के बताए सत्य, सेवा और बलिदान के मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
गुरु अर्जुन देव जी का शहीदी दिवस सिख इतिहास का एक ऐसा स्वर्णिम अध्याय है, जो धर्म, सत्य और धार्मिक स्वतंत्रता की रक्षा के लिए दिए गए सर्वोच्च बलिदान की याद दिलाता है। वर्ष 1606 में मुगल सम्राट जहांगीर के आदेश पर उन्होंने अमानवीय यातनाएं सहते हुए अपने प्राण न्योछावर कर दिए, लेकिन अपने सिद्धांतों और आस्था से कभी समझौता नहीं किया।

कई दिनों तक चला अखंड पाठ और विशेष अरदास

गुरुद्वारा प्रबंधन समिति के तत्वावधान में पिछले कई दिनों से विशेष धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा था। इस दौरान श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के अखंड पाठ, शब्द-कीर्तन और विशेष अरदास का आयोजन हुआ, जिसमें संगत ने पूरे समर्पण के साथ भाग लिया।
शहीदी दिवस के अवसर पर श्रद्धालुओं ने गुरु अर्जुन देव जी के जीवन, त्याग, सहनशीलता और मानवता के संदेशों को याद करते हुए देश, समाज और विश्व शांति के लिए अरदास की।

छबील सेवा से प्यासों को मिला राहत, सेवा का दिखा अद्भुत संगम

भीषण गर्मी को देखते हुए गुरुद्वारा कमेटी की ओर से बैंकमोड़ क्षेत्र में छबील सेवा का विशेष आयोजन किया गया। इस दौरान राहगीरों, स्कूली बच्चों और स्थानीय लोगों को ठंडा मीठा शीतल जल पिलाया गया। साथ ही हलुआ और चने की घुघनी का वितरण कर सेवा और परोपकार की महान सिख परंपरा को जीवंत किया गया।
इस सेवा कार्य में श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। लोगों ने कहा कि गुरु अर्जुन देव जी ने मानवता, प्रेम, धैर्य और सेवा का जो संदेश दिया था, छबील उसी भावना का प्रतीक है।

त्याग, धैर्य और सत्य की अमर मिसाल

कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि गुरु अर्जुन देव जी का जीवन हमें अन्याय और अत्याचार के खिलाफ डटकर खड़े रहने की प्रेरणा देता है। उन्होंने विपरीत परिस्थितियों में भी धैर्य और साहस का परिचय देकर पूरी दुनिया को धार्मिक सहिष्णुता, सेवा और बलिदान का अमर संदेश दिया।
वक्ताओं ने कहा कि आज के दौर में गुरु जी का जीवन समाज के लिए और अधिक प्रासंगिक हो गया है, जहां इंसानियत, भाईचारे और सहनशीलता की सबसे ज्यादा जरूरत है।

सैकड़ों श्रद्धालुओं ने दी श्रद्धांजलि

इस अवसर पर गुरुद्वारा कमेटी के प्रधान जगजीत सिंह गिल, कुलदीप सिंह, मनजीत सिंह, बंटी सिंह सहित बड़ी संख्या में सिख महिलाएं, पुरुष एवं अन्य श्रद्धालु उपस्थित रहे। सभी ने गुरु अर्जुन देव जी को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प दोहराया।

समाज को मिला सेवा, समर्पण और सद्भाव का संदेश

शहीदी दिवस का यह आयोजन केवल एक धार्मिक कार्यक्रम नहीं रहा, बल्कि समाज में भाईचारा, सेवा और मानवता के मूल्यों को मजबूत करने का संदेश भी देता रहा। गुरुद्वारा परिसर से लेकर छबील सेवा स्थल तक हर जगह श्रद्धा, सेवा और समर्पण का अद्भुत संगम देखने को मिला।
गुरु अर्जुन देव जी के शहीदी दिवस ने एक बार फिर यह संदेश दिया कि सच्चाई और धर्म की रक्षा के लिए दिया गया बलिदान कभी व्यर्थ नहीं जाता और मानवता की सेवा ही सबसे बड़ा धर्म है।

SINGHBHUMHALCHAL NEWS

सिंहभूम हलचल न्यूज़ एक स्थानीय समाचार मंच है, जो पश्चिमी सिंहभूम, झारखंड से सटीक और समय पर समाचार प्रदान करने के लिए समर्पित है। यह राजनीति, अपराध, मौसम, संस्कृति और सामुदायिक मुद्दों को हिंदी में कवर करता है।

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Comment