18 जून से मेघाहातुबुरु-किरीबुरू-बड़बिल मार्ग पर शुरू होगी बस, कर्मचारियों के आश्रितों को मिलेगी राहत
रिपोर्ट : शैलेश सिंह
सेल (SAIL) के केंद्रीय खनन एवं लॉजिस्टिक्स संगठन (CMLOR) अंतर्गत मेघाहातुबुरु लौह अयस्क खदान प्रबंधन ने कर्मचारियों के बच्चों की शिक्षा सुविधा को ध्यान में रखते हुए एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। प्रबंधन ने सेंट मेरीज स्कूल, बड़बिल के लिए स्कूल बस सेवा शुरू करने की घोषणा की है। यह सेवा 18 जून 2026 से नियमित रूप से संचालित होगी।
इस संबंध में मानव संसाधन विभाग (एचआर) द्वारा 17 जून को एक आधिकारिक परिपत्र जारी किया गया है। परिपत्र के अनुसार यह बस सेवा एमआईओएम-केआईओएम (मेघाहातुबुरु एवं किरीबुरू लौह अयस्क खदान) के कर्मचारियों के आश्रित विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध होगी।

सुबह 4:45 बजे होगा पहला पिकअप
जारी रूट चार्ट के अनुसार बस का पहला पिकअप प्वाइंट प्रॉस्पेक्टिंग चौक, किरीबुरू निर्धारित किया गया है, जहां से सुबह 4:45 बजे बस रवाना होगी। इसके बाद बस विभिन्न निर्धारित स्थानों से विद्यार्थियों को लेकर बड़बिल स्थित सेंट मेरीज स्कूल पहुंचेगी।
यह होगा बस का निर्धारित रूट
बस निम्नलिखित स्टॉपेज से होकर गुजरेगी—
* प्रॉस्पेक्टिंग चौक, किरीबुरू
* मीना बाजार, मेघाहातुबुरु
* बी-टाइप पार्क, मेघाहातुबुरु
* एसबीआई एटीएम, मेघाहातुबुरु
* काली मंदिर, मेघाहातुबुरु
* बैंक मोड़, किरीबुरू
* एचआरडीसी, हिलटॉप, किरीबुरू
* बेस कैंप
* सेंट मेरीज स्कूल, बड़बिल
प्रबंधन ने स्पष्ट किया है कि आवश्यकता पड़ने पर बस के समय में परिवर्तन किया जा सकता है, जिसकी सूचना संबंधित कर्मचारियों को समय पर उपलब्ध करा दी जाएगी।
कर्मचारियों में खुशी का माहौल
बस सेवा शुरू होने की सूचना के बाद कर्मचारियों और अभिभावकों में खुशी का माहौल है। अब तक कई कर्मचारियों को अपने बच्चों के स्कूल आने-जाने के लिए निजी वाहनों अथवा अन्य साधनों पर निर्भर रहना पड़ता था। नियमित बस सेवा शुरू होने से न केवल समय की बचत होगी, बल्कि बच्चों की सुरक्षा और सुविधा भी सुनिश्चित होगी।
शिक्षा सुविधा को मजबूत करने की दिशा में कदम
खनन क्षेत्रों में कार्यरत कर्मचारियों के परिवारों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से उठाया गया यह कदम महत्वपूर्ण माना जा रहा है। दूरस्थ खनन क्षेत्र में रहने वाले कर्मचारियों के लिए बच्चों की पढ़ाई हमेशा एक बड़ी चुनौती रही है। ऐसे में स्कूल बस सेवा शुरू होने से अभिभावकों की चिंता काफी हद तक कम होगी।
एचआर विभाग द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि इच्छुक कर्मचारी अपने आश्रितों के लिए निर्धारित पिकअप प्वाइंट से इस बस सुविधा का लाभ उठा सकते हैं। यह आदेश सक्षम प्राधिकारी की स्वीकृति के बाद जारी किया गया है।
स्थानीय लोगों और कर्मचारियों ने इस पहल का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई है कि भविष्य में भी शिक्षा और पारिवारिक सुविधाओं से जुड़े ऐसे जनहितकारी निर्णय लिए जाते रहेंगे।













