हत्या में प्रयुक्त चाकू बरामद, आरोपी ने कबूला जुर्म
रिपोर्ट : शैलेश सिंह
गला रेतकर की गई थी हत्या
पश्चिमी सिंहभूम जिले के कुमारडुंगी थाना क्षेत्र अंतर्गत खण्डखोरी गांव में एक महिला की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी गई थी। घटना 1 जून 2026 को सामने आने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी।

पति के बयान पर दर्ज हुआ मामला
मृतका शुरू गोप के पति देवेन्द्र गोप के फर्दबयान के आधार पर कुमारडुंगी थाना में हत्या का मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की।
एसपी के निर्देश पर बनी टीम
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक पश्चिमी सिंहभूम के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी जगन्नाथपुर रफायल मुर्मू के नेतृत्व में विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। पुलिस ने वैज्ञानिक तरीके से जांच शुरू की और साक्ष्यों के आधार पर आरोपी तक पहुंच गई।
आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी पुड़वा उर्फ चोके सिंकु (33 वर्ष), निवासी खण्डखोरी, मटकम साई को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने हत्या की बात स्वीकार कर ली।
चाकू बरामद
गिरफ्तार आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त स्टील का सब्जी काटने वाला चाकू भी बरामद कर लिया। पुलिस के अनुसार इसी हथियार से महिला की हत्या की गई थी।
पुराना विवाद बना हत्या का कारण
प्रारंभिक जांच में पता चला है कि घटना के पीछे पुराना आपसी विवाद कारण था। इसी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और महिला की हत्या कर दी गई।
इनकी रही अहम भूमिका
छापामारी दल में एसडीपीओ जगन्नाथपुर रफायल मुर्मू, पुलिस निरीक्षक बासुदेव मुंडा, अनुसंधानकर्ता मिलन करमाली तथा कुमारडुंगी थाना के अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं जवान शामिल थे।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना
हत्या जैसे गंभीर मामले का कुछ ही घंटों में खुलासा कर आरोपी की गिरफ्तारी से ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की क्षेत्र में सराहना हो रही है।













