इस्पात जनरल अस्पताल राउरकेला में सोमवार रात ली अंतिम सांस, अधिकारियों-कर्मचारियों में शोक की लहर
चार माह पूर्व ही चिड़िया खदान से स्थानांतरित होकर आए थे मेघाहातुबुरु
रिपोर्ट : शैलेश सिंह
मेघाहातुबुरु। सेल के मेघाहातुबुरु लौह अयस्क खदान के सिविल विभाग में पदस्थ उप प्रबंधक श्याम सुंदर कमल के निधन की खबर से सेल परिवार में शोक की लहर दौड़ गई। इलाज के दौरान सोमवार की रात लगभग 9 बजे राउरकेला स्थित इस्पात जनरल अस्पताल में उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन की सूचना मिलते ही सहकर्मियों, अधिकारियों और कर्मचारियों में गहरा दुःख व्याप्त हो गया।

चार माह पहले ही आए थे मेघाहातुबुरु
श्याम सुंदर कमल लगभग चार माह पूर्व सेल की मनोहरपुर ओर माइंस (चिड़िया) से स्थानांतरित होकर मेघाहातुबुरु खदान में योगदान दिया था। यहां वे सिविल विभाग में उप प्रबंधक के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे थे।
अचानक बिगड़ी तबीयत, किरीबुरू अस्पताल में कराया गया भर्ती
बताया जाता है कि वे पिछले कुछ समय से अस्वस्थ चल रहे थे। बीते शनिवार को उनकी तबीयत अचानक अधिक बिगड़ने के बाद उन्हें सेल के किरीबुरू अस्पताल में भर्ती कराया गया। स्वास्थ्य की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें उच्च चिकित्सा केंद्र में रेफर करने का आग्रह किया गया।
इसके बाद रविवार को उन्हें बेहतर इलाज के लिए इस्पात जनरल अस्पताल, राउरकेला भेजा गया।
भुवनेश्वर ले जाने की कोशिश, लेकिन नहीं बच सकी जान
राउरकेला अस्पताल में इलाज के दौरान भी उनकी स्वास्थ्य स्थिति में लगातार गिरावट आती गई। परिजनों एवं सहकर्मियों की ओर से उन्हें बेहतर उपचार के लिए भुवनेश्वर रेफर कराने का आग्रह किया गया। बताया जाता है कि रविवार होने के कारण आवश्यक प्रक्रिया तत्काल पूरी नहीं हो सकी।
इसी बीच सोमवार की रात लगभग 9 बजे इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। उनके निधन की खबर ने सहकर्मियों और शुभचिंतकों को झकझोर कर रख दिया।
सहकर्मियों में पसरा सन्नाटा
श्याम सुंदर कमल के निधन की खबर मेघाहातुबुरु पहुंचते ही सेल के अधिकारियों और कर्मचारियों में शोक का माहौल बन गया। सहकर्मियों ने उनके निधन को सेल परिवार के लिए अपूरणीय क्षति बताया और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
चार महीने पहले जिस अधिकारी ने मेघाहातुबुरु खदान में नई जिम्मेदारी संभाली थी, उनके अचानक चले जाने से सहकर्मियों के बीच उनकी यादें और उनके साथ बिताए पल चर्चा का विषय बने रहे।










