भ्रष्टाचार नक्सल खदान
अपराध राजनीति खेल समस्या स्वास्थ्य कार्यक्रम शिक्षा दुर्घटना सांस्कृतिक मनोरंजन मौसम कृषि ज्योतिष काम

झारखंड, ओडिशा और पश्चिम बंगाल पुलिस की संयुक्त रणनीति, नक्सलवाद व तस्करी पर होगा बड़ा प्रहार

On: July 30, 2026 5:05 PM
Follow Us:
---Advertisement---

कोल्हान डीआईजी की अध्यक्षता में अंतरराज्यीय बोर्ड बैठक, सीमावर्ती क्षेत्रों में संयुक्त अभियान पर बनी सहमति

रिपोर्ट: शैलेश सिंह

चाईबासा स्थित पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सभागार में बुधवार को सिंहभूम (कोल्हान) क्षेत्र के पुलिस उप-महानिरीक्षक अनुरंजन किस्पोट्टा की अध्यक्षता में अंतरराज्यीय बोर्ड (Inter State Board) की महत्वपूर्ण बैठक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित की गई। बैठक में झारखंड, ओडिशा और पश्चिम बंगाल के पुलिस उप-महानिरीक्षक, पुलिस अधीक्षक एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया।

सीमावर्ती इलाकों की सुरक्षा पर विशेष फोकस

बैठक में तीनों राज्यों की सीमा से लगे क्षेत्रों की सुरक्षा व्यवस्था की व्यापक समीक्षा की गई। नक्सली गतिविधियों, मादक पदार्थों की तस्करी और पशु तस्करी जैसी चुनौतियों से निपटने के लिए आपसी सहयोग और बेहतर समन्वय पर विस्तार से चर्चा हुई।

सक्रिय नक्सली दस्तों की गतिविधियों पर साझा हुई खुफिया जानकारी

वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने वर्तमान में झारखंड, ओडिशा और पश्चिम बंगाल के सीमावर्ती इलाकों में सक्रिय नक्सली दस्तों की गतिविधियों को लेकर खुफिया सूचनाओं का आदान-प्रदान किया। साथ ही इन दस्तों के विरुद्ध प्रभावी संयुक्त अभियान चलाने की रणनीति और कार्ययोजना पर विचार-विमर्श किया गया।

ड्रग्स और पशु तस्करी रोकने के लिए साझा कार्रवाई

बैठक में मादक पदार्थों (ड्रग्स) की तस्करी, पशु तस्करी तथा अंतरराज्यीय अपराधी गिरोहों के खिलाफ संयुक्त कार्रवाई को और मजबूत बनाने पर भी सहमति बनी। अधिकारियों ने तय किया कि भविष्य में खुफिया सूचनाओं का नियमित आदान-प्रदान किया जाएगा, ताकि अपराधियों के विरुद्ध त्वरित और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

तीनों राज्यों के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी रहे शामिल

बैठक में झारखंड, ओडिशा और पश्चिम बंगाल के कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने हिस्सा लिया। इनमें वेस्ट्रन जोन, राउरकेला के डीआईजी ब्रजेश कुमार राय, बांकुड़ा रेंज के डीआईजी अभिषेक मोदी, पूर्वी सिंहभूम के वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. एहतेशाम बकारिब, पश्चिमी सिंहभूम के पुलिस अधीक्षक अमित रेणु, सरायकेला-खरसावां के पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार स्वर्गियारी, जमशेदपुर ग्रामीण के पुलिस अधीक्षक शुभम कुमार खंडेलवाल, जमशेदपुर नगर के पुलिस अधीक्षक ललित मीणा, क्योंझर के पुलिस अधीक्षक नीतीन दागदु कुशालकर, मयूरभंज के पुलिस अधीक्षक वरुण गुंटुपल्ली, राउरकेला के पुलिस अधीक्षक नीतेश वाधवानी, सुंदरगढ़ की पुलिस अधीक्षक अमृतपाल कौर, झारग्राम के पुलिस अधीक्षक सन्नी कुमार राज, पुरुलिया के पुलिस अधीक्षक मानव सिंगला, खूंटी के अपर पुलिस अधीक्षक (अभियान) क्रिस्टोफर केरकेट्टा तथा सिमडेगा के पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) रणबीर सिंह शामिल थे।

 

अपराध नियंत्रण के लिए बढ़ेगा अंतरराज्यीय समन्वय

बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि सीमावर्ती क्षेत्रों में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने, नक्सलवाद पर प्रभावी अंकुश लगाने तथा अंतरराज्यीय अपराधों पर नियंत्रण के लिए तीनों राज्यों की पुलिस भविष्य में भी इसी तरह नियमित समन्वय स्थापित कर संयुक्त अभियान चलाएगी।

SINGHBHUMHALCHAL NEWS

सिंहभूम हलचल न्यूज़ एक स्थानीय समाचार मंच है, जो पश्चिमी सिंहभूम, झारखंड से सटीक और समय पर समाचार प्रदान करने के लिए समर्पित है। यह राजनीति, अपराध, मौसम, संस्कृति और सामुदायिक मुद्दों को हिंदी में कवर करता है।

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Comment