जोजोगुट्टू गांव की चंपू देवगम बेघर होने की कगार पर, सहायता की मांग
रिपोर्ट: शैलेश सिंह
लगातार हो रही बारिश के कारण जोजोगुट्टू गांव में एक कच्चे मकान का आधा हिस्सा ढह गया। इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। हालांकि मकान क्षतिग्रस्त होने से परिवार के सामने रहने की गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई है।

बारिश बनी आफत
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जोजोगुट्टू गांव निवासी मुंडा कानूराम देवगम की मां चंपू देवगम का कच्चा मकान लगातार हो रही बारिश के कारण कमजोर हो गया था। बुधवार को वर्षा के पानी की चपेट में आने से मकान का आधा हिस्सा अचानक भरभराकर गिर पड़ा।
बाल-बाल बचा परिवार
घटना के समय घर में मौजूद चंपू देवगम सुरक्षित बाहर निकल गए, जिससे किसी प्रकार की जनहानि या चोट नहीं हुई। लेकिन मकान का बड़ा हिस्सा क्षतिग्रस्त होने से वृद्ध चंपू देवगम अव्यवस्थित स्थिति रहने को मजबूर हो गया है।
प्रशासन से सहायता की उम्मीद
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि पीड़ित परिवार को तत्काल राहत सामग्री उपलब्ध कराई जाए तथा सरकारी योजनाओं के तहत आवास और आर्थिक सहायता देकर उन्हें राहत पहुंचाई जाए, ताकि वे सुरक्षित तरीके से अपना जीवन-यापन कर सकें।














