भ्रष्टाचार नक्सल खदान
अपराध राजनीति खेल समस्या स्वास्थ्य कार्यक्रम शिक्षा दुर्घटना सांस्कृतिक मनोरंजन मौसम कृषि ज्योतिष काम

कई दिनों से अंधेरे में डूबा सारंडा, रोआम समेत दर्जनों गांवों के ग्रामीणों का धैर्य टूटा

On: July 29, 2026 10:33 PM
Follow Us:
---Advertisement---

बिजली संकट से पेयजल, पढ़ाई, मोबाइल नेटवर्क और ऑनलाइन लेन-देन ठप, ग्रामीणों ने दी सड़क जाम आंदोलन की चेतावनी

रिपोर्ट : शैलेश सिंह

सारंडा के गंगदा पंचायत अंतर्गत रोआम, गंगदा, घाटकुडी, कासिया पेंचा समेत दर्जनों गांव पिछले तीन दिनों से बिजली आपूर्ति ठप रहने के कारण गंभीर संकट से जूझ रहे हैं। जंगल क्षेत्र के सैकड़ों ग्रामीण अंधेरे में जीवन बिताने को मजबूर हैं। लगातार बिजली गुल रहने से जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है। नाराज ग्रामीणों ने रोआम गांव में गंगदा पंचायत के मुखिया राजू सांडिल एवं पंचायत समिति सदस्य रामेश्वर चांपिया का घेराव कर बिजली समस्या का जल्द समाधान कराने की मांग की।

बच्चों की पढ़ाई पर पड़ा असर

लगातार बिजली नहीं रहने से बच्चों की पढ़ाई बुरी तरह प्रभावित हो रही है। रात में रोशनी नहीं होने के कारण छात्र-छात्राएं नियमित पढ़ाई और परीक्षा की तैयारी नहीं कर पा रहे हैं। अभिभावकों की चिंता भी लगातार बढ़ती जा रही है।

पेयजल संकट से बढ़ी मुश्किलें

बिजली चालित मोटर बंद रहने से कई गांवों में शुद्ध पेयजल की आपूर्ति ठप हो गई है। लोगों को पीने के पानी के लिए वैकल्पिक व्यवस्था करनी पड़ रही है। बरसात के मौसम में यह परेशानी ग्रामीणों के लिए बड़ी चुनौती बन गई है।

मोबाइल और ऑनलाइन सेवाएं ठप

बिजली नहीं रहने से मोबाइल फोन, इनवर्टर और बैटरियां पूरी तरह डिस्चार्ज हो चुकी हैं। मोबाइल चार्ज नहीं होने से ऑनलाइन भुगतान, बैंकिंग और अन्य डिजिटल सेवाएं प्रभावित हो गई हैं। कई ग्रामीण मजबूरी में चारपहिया वाहनों की बैटरी से मोबाइल चार्ज कर रहे हैं, जिससे वाहनों की बैटरी भी जवाब देने लगी है।

जंगल में अंधेरा, बढ़ा जंगली जानवरों का खतरा

घने जंगलों से घिरे इन गांवों में अंधेरा छाने के बाद हाथी, सांप, बिच्छू समेत अन्य जंगली जानवरों का खतरा कई गुना बढ़ जाता है। ग्रामीण भय के साये में रात गुजारने को मजबूर हैं।

टीवी बंद, दुनिया से कटे ग्रामीण

बिजली नहीं रहने के कारण ग्रामीण टेलीविजन के माध्यम से देश-दुनिया की खबरें और मौसम की जानकारी भी नहीं देख पा रहे हैं। मनोरंजन के साधन पूरी तरह ठप हो गए हैं, जबकि मोबाइल बंद होने से लोगों का बाहरी दुनिया से संपर्क भी प्रभावित हुआ है।

रोआम में फूटा ग्रामीणों का गुस्सा

बिजली संकट से परेशान रोआम समेत आसपास के गांवों के ग्रामीणों ने रोआम गांव में मुखिया राजू सांडिल, पंचायत समिति सदस्य रामेश्वर चांपिया के समक्ष अपनी नाराजगी जाहिर की। ग्रामीणों ने कहा कि बिजली विभाग की लापरवाही के कारण कई दिनों से पूरा क्षेत्र अंधेरे में डूबा है, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं किया गया।

मुखिया बोले— अब सड़क पर उतरेंगे ग्रामीण

गंगदा पंचायत के मुखिया राजू सांडिल ने कहा कि यदि शीघ्र बिजली आपूर्ति बहाल नहीं की गई तो दर्जनों गांवों के मुंडा, मानकी और ग्रामीणों की बैठक कर आंदोलन की रूपरेखा तय की जाएगी। जरूरत पड़ने पर ग्रामीण सड़क पर उतरकर चक्का जाम करेंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी बिजली विभाग की होगी।
पंचायत समिति सदस्य रामेश्वर चांपिया ने भी कहा कि जंगल क्षेत्र के लोगों की समस्याओं की लगातार अनदेखी की जा रही है। यदि विभाग ने जल्द कार्रवाई नहीं की तो व्यापक जनआंदोलन किया जाएगा।

ग्रामीणों की एक ही मांग— तुरंत बहाल हो बिजली

ग्रामीणों ने बिजली विभाग से अविलंब खराबी दूर कर सभी प्रभावित गांवों में बिजली आपूर्ति बहाल करने की मांग की है। उनका कहना है कि लगातार कई दिनों से बिजली नहीं रहने के कारण सामान्य जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है। यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो बड़ा आंदोलन छेड़ा जाएगा।
इस दौरान मुखिया राजू सांडिल, पंचायत समिति सदस्य रामेश्वर चांपिया, मुंडा बुधराम सिद्धू, जोगेश्वर गोप, जगन्नाथ गोप समेत दर्जनों ग्रामीण उपस्थित थे।

SINGHBHUMHALCHAL NEWS

सिंहभूम हलचल न्यूज़ एक स्थानीय समाचार मंच है, जो पश्चिमी सिंहभूम, झारखंड से सटीक और समय पर समाचार प्रदान करने के लिए समर्पित है। यह राजनीति, अपराध, मौसम, संस्कृति और सामुदायिक मुद्दों को हिंदी में कवर करता है।

Join WhatsApp

Join Now

और पढ़ें

Leave a Comment