12 दिन बाद मामले में आया नया मोड़
रिपोर्ट शैलेश सिंह।
गुवा थाना क्षेत्र के गंगदा पंचायत अंतर्गत एक गांव से आदिवासी नाबालिग युवती को शादी का झांसा देकर अपने साथ ले जाने के बाद 16 जुलाई से फरार चल रहा युवक आखिरकार 28 जुलाई को युवती के साथ गांव लौट आया। इस मामले में 28 जुलाई को “सिंहभूम हलचल न्यूज” में खबर प्रकाशित होने के कुछ घंटे बाद यह नया घटनाक्रम सामने आया।

युवती सकुशल अपने घर पहुंची
गांव लौटने के बाद नाबालिग युवती सीधे अपने परिजनों के घर चली गई। युवती के सकुशल लौटने से परिवार ने राहत की सांस ली। पिछले 12 दिनों से परिजन उसकी लगातार तलाश कर रहे थे और विभिन्न संभावित स्थानों पर खोजबीन में जुटे थे।
सामाजिक बैठक में होगा निर्णय
जानकारी के अनुसार, अब दोनों पक्षों के परिवारों के साथ गांव के प्रबुद्ध एवं समाज के वरिष्ठ लोगों की बैठक बुलाई जाएगी। बैठक में पूरे मामले पर चर्चा कर आगे की सामाजिक और अन्य आवश्यक कार्रवाई को लेकर निर्णय लिया जाएगा।
गांव में तनाव हुआ कम
युवक और युवती के वापस लौटने के बाद गांव में व्याप्त तनाव काफी हद तक कम हो गया है। हालांकि ग्रामीणों की नजर अब प्रस्तावित सामाजिक बैठक और उसमें लिए जाने वाले निर्णय पर टिकी हुई है।
पुलिस कार्रवाई पर भी रहेगी नजर
सूत्रों के अनुसार, मामले में यदि पीड़ित परिवार की ओर से गुवा थाना में शिकायत दर्ज कराई जाती है तो पुलिस नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई करेगी।












