मलेरिया, डेंगू समेत संक्रामक बीमारियों की रोकथाम में मिलेगी बड़ी सहायता
गुवा संवाददाता।
सेल प्रबंधन के अथक प्रयासों से गुवा अस्पताल को नई कोल्ड फॉगिंग मशीन उपलब्ध कराई गई है। इस आधुनिक मशीन के मिलने से क्षेत्र में मलेरिया, डेंगू तथा अन्य संक्रामक बीमारियों की रोकथाम के अभियान को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकेगा।
कीट नियंत्रण में होगी मदद
इस संबंध में अस्पताल के मुख्य चिकित्सा प्रभारी डॉ. अशोक कुमार अमन ने बताया कि नई कोल्ड फॉगिंग मशीन के माध्यम से मच्छरों के अलावा कॉकरोच, हाउस फ्लाई, फ्रूट फ्लाई तथा बेड बग्स जैसे हानिकारक कीटों के नियंत्रण में भी महत्वपूर्ण सहायता मिलेगी। इससे अस्पताल परिसर और आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण बनाए रखने में मदद मिलेगी।

पहले से चल रहा है स्वास्थ्य सुरक्षा अभियान
उन्होंने बताया कि गुवा अस्पताल द्वारा पूर्व से ही डीडीटी स्प्रे मशीन एवं फॉगिंग मशीन के माध्यम से गुवा क्षेत्र में स्वास्थ्य सुरक्षा सुनिश्चित करने का कार्य किया जाता रहा है। नई मशीन मिलने से यह अभियान और अधिक व्यापक तथा प्रभावी होगा।
खदान क्षेत्रों में नई स्वास्थ्य पहल
गुवा अस्पताल स्वास्थ्य सेवाओं में लगातार नवाचार कर रहा है। अस्पताल द्वारा खदान क्षेत्रों में ही डायबिटीज एवं हाइपरटेंशन की स्क्रीनिंग की जा रही है, जिसे सेल के अंतर्गत एक नई और महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। इस अभियान के तहत सैकड़ों नए मरीजों की पहचान कर समय पर उपचार उपलब्ध कराया गया है, जिससे गंभीर बीमारियों और आकस्मिक स्वास्थ्य संकटों में कमी आई है।
गंभीर मरीजों को मिला नया जीवन
अस्पताल प्रबंधन के अनुसार पिछले माह 6 हार्ट अटैक, 4 मस्तिष्क ज्वर, 23 गंभीर लिवर रोग, 25 गंभीर डायबिटीज, 12 मिर्गी तथा 14 रेबीज से पीड़ित मरीजों का सफल उपचार कर उनकी जान बचाई गई। यह उपलब्धि अस्पताल की चिकित्सा व्यवस्था और विशेषज्ञ सेवाओं की क्षमता को दर्शाती है।
करीब 40 हजार लोगों को मिल रही स्वास्थ्य सेवा
गुवा अस्पताल सेल कर्मचारियों के साथ-साथ सीएसआर के 18 गांवों, सीआईएसएफ, रेलवे, बैंक, डाकघर एवं विभिन्न विद्यालयों से जुड़े लगभग 40 हजार लोगों को ओपीडी सुविधा उपलब्ध करा रहा है। वहीं 3500 से अधिक मरीजों को इंडोर चिकित्सा सेवाएं भी प्रदान की जा रही हैं।
10 चिकित्सक और 60 स्वास्थ्यकर्मी दे रहे सेवाएं
अस्पताल में वर्तमान में 10 चिकित्सक एवं लगभग 60 अन्य स्वास्थ्यकर्मी कार्यरत हैं, जो चौबीसों घंटे मरीजों की सेवा में जुटे रहते हैं। अस्पताल प्रबंधन का प्रयास है कि क्षेत्र के लोगों को बेहतर और आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं स्थानीय स्तर पर ही उपलब्ध हो सकें।
मरीजों की सुविधा पर विशेष ध्यान
मरीजों के लिए अस्पताल में स्वच्छता व्यवस्था को और सुदृढ़ किया गया है। थ्री-बकेट सिस्टम लागू किया गया है, किचन का नवीनीकरण कर पौष्टिक भोजन की व्यवस्था की गई है तथा भीषण गर्मी को देखते हुए एयर कंडीशनर, कूलर एवं पंखों की संख्या बढ़ाई गई है।
सकारात्मक सहयोग की अपील
अस्पताल प्रबंधन ने गुवा वासियों से स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने के लिए सकारात्मक सामाजिक सहयोग की अपील करते हुए कहा कि जनभागीदारी से ही स्वस्थ और सुरक्षित समाज का निर्माण संभव है।













