भ्रष्टाचार नक्सल खदान
अपराध राजनीति खेल समस्या स्वास्थ्य कार्यक्रम शिक्षा दुर्घटना सांस्कृतिक मनोरंजन मौसम कृषि ज्योतिष काम

किरीबुरू पुलिस ने चलाया सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान, 11 वाहनों से 27 हजार रुपये का चालान

On: June 16, 2026 6:26 PM
Follow Us:
---Advertisement---

रिपोर्ट : शैलेश सिंह

पुलिस अधीक्षक चाईबासा के निर्देशानुसार तथा सड़क सुरक्षा संबंधी जागरूकता बैनरों के माध्यम से 16 जून 2026 को किरीबुरू थाना पुलिस ने थाना प्रभारी रोहित कुमार के नेतृत्व में मंगला हाट बाजार क्षेत्र में व्यापक सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाया। अभियान का उद्देश्य आम लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना तथा सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना था।

सड़क सुरक्षा नियमों की दी जानकारी

अभियान के दौरान थाना प्रभारी रोहित कुमार ने बाजार में उपस्थित लोगों, वाहन चालकों और युवाओं को सड़क सुरक्षा से जुड़े विभिन्न नियमों की जानकारी दी। उन्होंने दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने, चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने, नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने तथा मोबाइल फोन का उपयोग करते हुए वाहन नहीं चलाने की अपील की।

वाहन जांच अभियान में 27 हजार रुपये का चालान

जागरूकता अभियान के साथ-साथ पुलिस द्वारा वाहन जांच अभियान भी चलाया गया। जांच के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 11 दोपहिया वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए कुल 27 हजार रुपये का ऑनलाइन चालान काटा गया। वहीं कई वाहन चालकों को नियमों का पालन करने की सख्त हिदायत देते हुए चेतावनी देकर छोड़ दिया गया।

शून्य दुर्घटना लक्ष्य को लेकर पुलिस गंभीर

थाना प्रभारी रोहित कुमार ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए जनजागरूकता सबसे प्रभावी माध्यम है। उन्होंने लोगों से यातायात नियमों का पालन करने और सुरक्षित वाहन संचालन की आदत विकसित करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि पुलिस और आम जनता के संयुक्त प्रयास से ही “शून्य दुर्घटना” के लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है।

आगे भी जारी रहेगा अभियान

किरीबुरू थाना पुलिस ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन को लेकर जागरूकता एवं जांच अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई के साथ-साथ लोगों को जागरूक करने पर भी विशेष जोर दिया जाएगा।

SINGHBHUMHALCHAL NEWS

सिंहभूम हलचल न्यूज़ एक स्थानीय समाचार मंच है, जो पश्चिमी सिंहभूम, झारखंड से सटीक और समय पर समाचार प्रदान करने के लिए समर्पित है। यह राजनीति, अपराध, मौसम, संस्कृति और सामुदायिक मुद्दों को हिंदी में कवर करता है।

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Comment