पुष्पगुच्छ भेंट कर दी शुभकामनाएं, श्रमिक हित और टाउनशिप के सर्वांगीण विकास की जताई उम्मीद
रिपोर्ट : शैलेश सिंह
मेघाहातुबुरु। सेल की मेघाहातुबुरु लौह अयस्क खदान के मुख्य महाप्रबंधक (सीजीएम) के रूप में संजय कुमार सिंह की नियुक्ति के बाद एटक (AITUC) यूनियन के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने उनके कार्यालय पहुंचकर पुष्पगुच्छ भेंट कर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर यूनियन प्रतिनिधियों ने विश्वास व्यक्त किया कि उनके नेतृत्व में मेघाहातुबुरु खदान विकास और उत्पादन के नए आयाम स्थापित करेगी।

श्रमिक हितों को मिलेगी प्राथमिकता : गुंजन कुमार
एटक यूनियन के महासचिव गुंजन कुमार ने कहा कि संजय कुमार सिंह एक अनुभवी एवं कर्मठ अधिकारी हैं। उन्हें विश्वास है कि उनके नेतृत्व में न केवल खदान की उत्पादन क्षमता में वृद्धि होगी, बल्कि श्रमिकों से जुड़ी लंबित समस्याओं के समाधान की दिशा में भी सकारात्मक पहल होगी।
उन्होंने उम्मीद जताई कि कर्मचारियों के आवास, चिकित्सा सुविधा, आधारभूत संरचना, टाउनशिप के सौंदर्यीकरण, पेयजल, स्वच्छता तथा अन्य जनसुविधाओं में भी उल्लेखनीय सुधार देखने को मिलेगा। यूनियन ने प्रबंधन और श्रमिकों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होने की भी आशा व्यक्त की।
प्रभारी महाप्रबंधक से सीजीएम तक का सफर
उल्लेखनीय है कि संजय कुमार सिंह इससे पूर्व मेघाहातुबुरु खदान में प्रभारी महाप्रबंधक के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे थे। अब उन्हें मुख्य महाप्रबंधक (सीजीएम) का दायित्व सौंपा गया है। उनके प्रशासनिक अनुभव और कार्यशैली को देखते हुए कर्मचारियों एवं अधिकारियों में नई ऊर्जा और सकारात्मक माहौल का संचार हुआ है।
बेहतर समन्वय और विकास की उम्मीद
यूनियन प्रतिनिधियों ने कहा कि मेघाहातुबुरु खदान सेल की महत्वपूर्ण खदानों में से एक है। ऐसे में नए सीजीएम के नेतृत्व में उत्पादन, सुरक्षा, श्रमिक कल्याण तथा टाउनशिप विकास के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल होने की पूरी उम्मीद है। इस दौरान एटक के कई पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे और सभी ने नए सीजीएम को सफल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं।














