भ्रष्टाचार नक्सल खदान अपराध राजनीति खेल समस्या स्वास्थ्य कार्यक्रम शिक्षा दुर्घटना सांस्कृतिक मनोरंजन मौसम कृषि ज्योतिष काम
---Advertisement---

सारंडा में नक्सलियों के खिलाफ जंग लड़ने वाले किरीबुरू थाना प्रभारी रोहित कुमार और छोटानागरा के तत्कालीन थाना प्रभारी सैनिक समद को मिलेगा केंद्रीय गृह मंत्री पुलिस दक्षता पदक

---Advertisement---

झारखंड पुलिस के 28 जांबाज अधिकारियों और जवानों का चयन, सारंडा के दुर्गम जंगलों में नक्सल विरोधी अभियानों में अदम्य साहस और रणनीतिक दक्षता का मिला राष्ट्रीय सम्मान

रिपोर्ट शैलेश सिंह

किरीबुरू/चाईबासा। पश्चिमी सिंहभूम जिले के सारंडा जंगलों में नक्सलियों के खिलाफ चलाए गए निर्णायक अभियानों में अपनी बहादुरी, कर्तव्यनिष्ठा और रणनीतिक दक्षता का परिचय देने वाले झारखंड पुलिस के 28 अधिकारियों एवं जवानों को केंद्रीय गृह मंत्री पुलिस दक्षता पदक से सम्मानित किया जाएगा। इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय सम्मान के लिए चयनित पुलिसकर्मियों में किरीबुरू थाना प्रभारी रोहित कुमार और छोटानागरा के तत्कालीन थाना प्रभारी सैनिक समद का नाम विशेष रूप से उल्लेखनीय है। सारंडा के दुर्गम जंगलों में माओवादियों के खिलाफ चलाए गए अभियानों में इन दोनों पुलिस अधिकारियों की भूमिका को इस सम्मान के जरिए राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली है।

यह उपलब्धि न केवल झारखंड पुलिस के लिए गौरव का विषय है, बल्कि सारंडा क्षेत्र में नक्सलवाद के खिलाफ लंबे समय से संघर्ष कर रहे पुलिस एवं सुरक्षा बलों के जवानों के मनोबल को भी नई मजबूती प्रदान करेगी।

किरीबुरू थाना प्रभारी रोहित कुमार

किरीबुरू थाना प्रभारी रोहित कुमार को मिलेगा सम्मान, नक्सल विरोधी अभियानों में निभाई अहम भूमिका

केंद्रीय गृह मंत्री पुलिस दक्षता पदक के लिए चयनित नामों में किरीबुरू थाना प्रभारी रोहित कुमार का शामिल होना स्थानीय पुलिस महकमे के लिए विशेष गौरव की बात है। सारंडा के संवेदनशील और चुनौतीपूर्ण क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ नक्सल विरोधी गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण पुलिस के सामने बड़ी चुनौती रही है।

ऐसे क्षेत्र में पुलिसिंग करना, जहां घने जंगल, दुर्गम पहाड़ियां और नक्सलियों की पूर्व से सक्रिय मौजूदगी सुरक्षा बलों के लिए कठिन परिस्थितियां पैदा करती रही हैं, अपने आप में बड़ी जिम्मेदारी है। रोहित कुमार को इस प्रतिष्ठित पदक के लिए चयनित किया जाना उनके पुलिसिया दायित्वों और नक्सल विरोधी अभियानों में योगदान के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

छोटानागरा के तत्कालीन थाना प्रभारी सैनिक समद भी पदक से होंगे सम्मानित

इस गौरवशाली सूची में छोटानागरा के तत्कालीन थाना प्रभारी सैनिक समद का नाम भी शामिल है। छोटानागरा थाना क्षेत्र सारंडा के अत्यंत संवेदनशील और दुर्गम इलाकों में गिना जाता है। यहां नक्सल विरोधी अभियान संचालित करना पुलिस के लिए हमेशा चुनौतीपूर्ण रहा है।

ऐसे इलाके में थाना प्रभारी के रूप में अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए नक्सल विरोधी अभियानों में योगदान देने वाले सैनिक समद का केंद्रीय सम्मान के लिए चयन होना क्षेत्र के लिए गर्व की बात है। किरीबुरू थाना प्रभारी रोहित कुमार और छोटानागरा के तत्कालीन थाना प्रभारी सैनिक समद की उपलब्धि से स्थानीय पुलिसकर्मियों में भी उत्साह का माहौल है।

सारंडा में नक्सलियों के खिलाफ निर्णायक अभियान, संगठन को लगा बड़ा झटका

पश्चिमी सिंहभूम जिले का सारंडा जंगल लंबे समय तक माओवादी गतिविधियों का प्रमुख केंद्र रहा है। घने जंगलों, दुर्गम पहाड़ियों और सीमावर्ती भौगोलिक परिस्थितियों के कारण यह इलाका सुरक्षा बलों के लिए बड़ी चुनौती माना जाता रहा है।

पिछले एक वर्ष के दौरान पुलिस प्रशासन और सुरक्षा बलों ने यहां नक्सलियों के खिलाफ व्यापक एवं रणनीतिक अभियान चलाए। लगातार सर्च ऑपरेशन, एरिया डोमिनेशन और प्रभावी घेराबंदी के कारण माओवादी संगठन पर दबाव बढ़ा। इन अभियानों में कई माओवादी मारे गए, जबकि अनेक ने आत्मसमर्पण कर मुख्यधारा में लौटने का रास्ता अपनाया। कुछ माओवादी झारखंड छोड़कर पड़ोसी राज्यों में चले गए और वहां आत्मसमर्पण किया।

लगातार कार्रवाई से सारंडा में माओवादी संगठन का प्रभाव पूरी तरह से खत्म हुआ है। इस अभियान की सफलता में पुलिस अधिकारियों, जवानों और केंद्रीय सुरक्षा बलों के समन्वित प्रयासों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।

झारखंड जगुआर के वरिष्ठ अधिकारियों को भी मिलेगा सम्मान

केंद्रीय गृह मंत्री पुलिस दक्षता पदक के लिए चयनित अधिकारियों में झारखंड जगुआर के पुलिस महानिरीक्षक अनूप बिरथरे, पुलिस उपमहानिरीक्षक इंद्रजीत महथा और डिप्टी कमांडेंट मिथिलेश कुमार के नाम भी शामिल हैं।

इसके अतिरिक्त उप पुलिस अधीक्षक ज्ञान रंजन, चंदन कुमार, जयदीप लकड़ा और प्रदीप कुमार को भी इस प्रतिष्ठित सम्मान के लिए चुना गया है।

निरीक्षक श्रेणी में रमेश मुर्मू, अमित रोशन कुल्लू और मनोरंजन प्रसाद सिंह को पदक प्रदान किया जाएगा।

28 जांबाज पुलिसकर्मियों की सूची में इनका भी नाम

सम्मानित होने वाले सब इंस्पेक्टरों में अमृत केरकेट्टा, संदीप तिर्की, प्रभात कुमार महतो, गौतम राणा, दीनबंधु हांसदा, आकाश कुमार, पवन कुमार चौधरी, सैनिक समद, अमृत कुमार पासवान और रोहित कुमार-1 शामिल हैं।

वहीं सहायक अवर निरीक्षक माधव लाल टोप्पो एवं लोहरा मुंडा, हवलदार जलिंद्र साहू तथा सिपाही ऋषि रंजन, शिव कुमार महतो, फिरदूस अंसारी, राज कुमार महतो और मंगल सिंह हेम्ब्रम को भी इस सम्मान के लिए चयनित किया गया है।

देशभर के 489 पुलिसकर्मियों को मिलेगा केंद्रीय गृह मंत्री दक्षता पदक

केंद्र सरकार की ओर से घोषित इस सम्मान के तहत देशभर में कुल 489 अधिकारियों एवं जवानों का चयन किया गया है। इनमें विशेष अभियानों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए 357, बेहतर अनुसंधान के लिए 123 तथा फॉरेंसिक साइंस के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए नौ अधिकारियों एवं जवानों को चुना गया है।

झारखंड के 28 पुलिसकर्मियों का इस राष्ट्रीय सम्मान सूची में स्थान बनाना राज्य पुलिस की कार्यकुशलता और नक्सल विरोधी अभियानों में मिली उपलब्धियों को रेखांकित करता है।

सारंडा की धरती पर नक्सलवाद के खिलाफ जोखिम भरे अभियानों में जुटे पुलिसकर्मियों के लिए यह सम्मान केवल एक पदक नहीं, बल्कि उनके साहस, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा की राष्ट्रीय पहचान है। खासकर किरीबुरू थाना प्रभारी रोहित कुमार और छोटानागरा के तत्कालीन थाना प्रभारी सैनिक समद का चयन स्थानीय पुलिस महकमे और पूरे सारंडा क्षेत्र के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि है।

SINGHBHUMHALCHAL NEWS

सिंहभूम हलचल न्यूज़ एक स्थानीय समाचार मंच है, जो पश्चिमी सिंहभूम, झारखंड से सटीक और समय पर समाचार प्रदान करने के लिए समर्पित है। यह राजनीति, अपराध, मौसम, संस्कृति और सामुदायिक मुद्दों को हिंदी में कवर करता है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment

error: Content is protected !!