खिड़की तोड़कर अंदर घुसे चोर, 10–12 हजार नकद, दो मोबाइल समेत अन्य सामान ले उड़े
गुवा संवाददाता।
गुवा बैंक मोड़ के समीप स्थित राकेश झा स्टोर में सोमवार की रात अज्ञात चोरों ने दुकान की सुरक्षा व्यवस्था को धता बताते हुए चोरी की घटना को अंजाम दिया। चोर दुकान के पीछे की खिड़की तोड़कर अंदर घुसे और दो गल्लों में रखे करीब 10 से 12 हजार रुपये नकद, दो मोबाइल फोन समेत ठंडी बोतल एवं अन्य सामान चोरी कर फरार हो गए।

पहले मुख्य दरवाजे का ताला तोड़ने का प्रयास
दुकान संचालक राकेश कुमार झा के अनुसार, चोरों ने सबसे पहले दुकान के सामने लगे ताले को तोड़कर अंदर प्रवेश करने का प्रयास किया। हालांकि, ताला नहीं टूटने पर चोरों ने दुकान के पीछे की खिड़की को तोड़ दिया और उसी रास्ते दुकान के अंदर प्रवेश कर गए।
गल्ले से नकदी और मोबाइल की चोरी
दुकान के अंदर पहुंचने के बाद चोरों ने दोनों गल्लों को खंगाला और उसमें रखी करीब 10 से 12 हजार रुपये की नकदी निकाल ली। इसके अलावा दुकान में रखे एक स्मार्टफोन और एक छोटा मोबाइल फोन भी चोर अपने साथ ले गए। चोरों ने दुकान में रखी ठंडी बोतलों समेत अन्य जरूरी सामान पर भी हाथ साफ किया। चोरी के बाद दुकान के अंदर सामान इधर-उधर बिखरा पड़ा मिला।
सुबह दुकान खोलने पहुंचे संचालक तो टूटी मिली खिड़की
मंगलवार की सुबह राकेश कुमार झा जब दुकान खोलने पहुंचे तो दुकान के पीछे की खिड़की टूटी हुई देखकर उनके होश उड़ गए। दुकान के अंदर जाकर जांच करने पर दोनों गल्लों से नकदी गायब मिली। मोबाइल फोन और अन्य सामान भी नहीं मिले। इसके बाद उन्होंने आसपास के लोगों को घटना की जानकारी दी तथा गुवा पुलिस को सूचना दी।

पुलिस ने शुरू की जांच
सूचना मिलते ही गुवा पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने चोरी से जुड़े साक्ष्यों को जुटाते हुए मामले की छानबीन शुरू कर दी है। आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस अज्ञात चोरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए संभावित सुरागों की तलाश में जुटी है।

गुवा में लगातार चोरी की घटनाओं के बीच बैंक मोड़ जैसे प्रमुख इलाके में दुकान को निशाना बनाए जाने से स्थानीय दुकानदारों में भी चिंता देखी जा रही है। दुकानदारों ने पुलिस से रात्रि गश्ती बढ़ाने तथा चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने की मांग की है।











