भ्रष्टाचार नक्सल खदान
अपराध राजनीति खेल समस्या स्वास्थ्य कार्यक्रम शिक्षा दुर्घटना सांस्कृतिक मनोरंजन मौसम कृषि ज्योतिष काम

शहीदों के त्याग से मिली आजादी, अब सशक्त भारत के निर्माण में दें योगदान : पीएम शिरपुरकर

On: August 15, 2026 11:31 AM
Follow Us:
---Advertisement---

किरीबुरू पीसीएस मैदान में शान से लहराया तिरंगा, मुख्य महाप्रबंधक ने किया ध्वजारोहण व परेड का निरीक्षण

रिपोर्ट शैलेश सिंह 

किरीबुरू। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शनिवार को सेल की किरीबुरू लौह अयस्क खदान परिसर स्थित पीसीएस मैदान में देशभक्ति और राष्ट्रीय गौरव का माहौल देखने को मिला। समारोह का शुभारंभ मुख्य महाप्रबंधक (खान) पीएम शिरपुरकर ने ध्वजारोहण कर किया। इसके बाद उन्होंने परेड का निरीक्षण किया और उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों, नगरवासियों, सीआईएसएफ एवं सीआरपीएफ के जवानों, श्रमिक संगठनों के प्रतिनिधियों तथा आसपास के ग्रामीणों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।

शहीदों के बलिदान को किया नमन

समारोह को संबोधित करते हुए पीएम शिरपुरकर ने कहा कि आजादी की इस वर्षगांठ के पावन अवसर पर हम सभी को उन वीर शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों को नमन करना चाहिए, जिनके त्याग और बलिदान के कारण देश को अंग्रेजी हुकूमत की गुलामी से मुक्ति मिली। उन्होंने कहा कि देश की आजादी के लिए असंख्य वीर सपूतों ने अपना सर्वस्व न्यौछावर कर दिया। ऐसे महान स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान को याद करते हुए हमें उनके आदर्शों से प्रेरणा लेने की आवश्यकता है।

उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों ने केवल अंग्रेजी शासन से मुक्ति का सपना नहीं देखा था, बल्कि एक मजबूत, सक्षम, आत्मनिर्भर और विकसित भारत का सपना भी देखा था। आज देशवासियों की जिम्मेदारी है कि वे ईमानदारी, मेहनत और समर्पण के साथ राष्ट्र निर्माण में अपना योगदान दें।

मेहनत से देश को सफलता के शिखर तक पहुंचाने का संकल्प

मुख्य महाप्रबंधक ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव मनाने का दिन नहीं, बल्कि अपने कर्तव्यों और जिम्मेदारियों को याद करने का अवसर भी है। उन्होंने उपस्थित लोगों से आह्वान किया कि वे अपने अथक परिश्रम से देश को सफलता के शिखर तक ले जाने का संकल्प लें।

उन्होंने कहा कि सेल यानी भारतीय इस्पात प्राधिकरण देश के प्रमुख महारत्न संस्थानों में से एक है, जो देश के औद्योगिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। सेल की किरीबुरू खदान भी इस राष्ट्रीय दायित्व में लगातार अपना योगदान देती रही है।

किरीबुरू खदान ने स्थापित किए सफलता के नए कीर्तिमान

पीएम शिरपुरकर ने कहा कि हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी किरीबुरू आयरन ओर माइंस ने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कई महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने एक-एक कर खदान की सामाजिक, शैक्षणिक, स्वास्थ्य, पर्यावरण, खनन और कर्मचारी विकास से जुड़ी उपलब्धियों की जानकारी दी।

एकेडमी की कैडेट नैशा पुर्ती ने हासिल किया 15वां स्थान

उन्होंने बताया कि एकेडमी की कैडेट मिस नैशा पुर्ती ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए 15वां स्थान हासिल किया, जो कि किरीबुरू और क्षेत्र के लिए गौरव की बात है।

35 महिलाओं को जूट बैग निर्माण का प्रशिक्षण

ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से Jute Material Manufacturing योजना के तहत Srijan Foundation के साथ एमओयू किया गया है। योजना के तहत आसपास के गांवों की महिलाओं को जूट बैग एवं जूट से निर्मित आकर्षक वस्तुओं के निर्माण तथा मार्केटिंग कौशल का प्रशिक्षण देकर उन्हें आजीविका अर्जित करने के योग्य बनाया जा रहा है। अब तक 35 महिलाओं को प्रशिक्षण दिया जा चुका है।

सरंडा सुवन के विद्यार्थियों ने लहराया सफलता का परचम

सरंडा सुवन छात्रावास के गोद लिए गए 8 विद्यार्थियों ने प्रोजेक्ट सेंट्रल स्कूल एवं प्रोजेक्ट प्लस-2 हाई स्कूल, किरीबुरू से 12वीं बोर्ड परीक्षा सफलतापूर्वक उत्तीर्ण की है। ये विद्यार्थी आसपास के गांवों के आर्थिक रूप से वंचित परिवारों से आते हैं। इनकी सफलता को सेल की सामाजिक जिम्मेदारी और शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों की महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया गया।

20 नए विद्यार्थियों को छात्रावास में लिया गया गोद

इस माह सरंडा सुवन छात्रावास में नई बैच के लिए किरीबुरू आयरन ओर माइंस के आसपास के गांवों से 20 विद्यार्थियों को गोद लिया गया है। इससे ग्रामीण क्षेत्र के जरूरतमंद बच्चों को बेहतर शिक्षा का अवसर मिल सकेगा।

स्वास्थ्य सेवाओं से 27 हजार से अधिक ग्रामीण लाभान्वित

Saranda Sanjivini Mobile Medical Unit के माध्यम से KIOM-MIOM के परिधीय गांवों में नियमित स्वास्थ्य शिविर लगाए जा रहे हैं। प्रत्येक माह लगभग 34 स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाते हैं, जहां ग्रामीणों को निःशुल्क स्वास्थ्य जांच और दवाएं उपलब्ध कराई जाती हैं।

अब तक 700 से अधिक स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जा चुके हैं, जिनसे 27 हजार से अधिक ग्रामीण लाभान्वित हुए हैं।

ANM और ITI शिक्षा को मिलेगा प्रोत्साहन

वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए दो विद्यार्थियों को दो वर्षीय ANM पाठ्यक्रम हेतु प्रायोजित करने का प्रस्ताव है। वहीं Skill Development योजना के तहत KIOM की CSR योजना में 10 विद्यार्थियों के एक बैच को दो वर्षीय ITI पाठ्यक्रम के लिए प्रायोजित करने का भी प्रस्ताव है।

247.50 हेक्टेयर भूमि KIOM को मिली

पर्यावरण एवं लीज से जुड़ी उपलब्धियों की जानकारी देते हुए मुख्य महाप्रबंधक ने बताया कि झारखंड सरकार द्वारा खनन गतिविधियों के लिए 247.50 हेक्टेयर भूमि KIOM को उपलब्ध कराई गई है। भूमि हस्तांतरण/रिलीज की प्रक्रिया 16 फरवरी 2026 को पूरी की गई।

तीन हेक्टेयर क्षेत्र में खनन विस्तार की तैयारी

KIOM द्वारा खनन पिट के विस्तार के लिए तीन हेक्टेयर भूमि के उपयोग परिवर्तन हेतु सफलतापूर्वक आवेदन किया गया है। इस क्षेत्र में शीघ्र खनन कार्य शुरू किए जाने की बात कही गई।

Mining और Tailing Excavation के लिए CTO

उन्होंने बताया कि Mining Activity एवं Tailing Excavation के लिए Consent to Operate (CTO) भी प्राप्त हो चुका है। वहीं रांची में आयोजित 32वें MEMC में KIOM ने विभिन्न पुरस्कार प्राप्त कर महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की।

केबीआर-एमबीआर अस्पताल में स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार

किरीबुरू-मेघाहातुबुरू क्षेत्र के KBR-MBR जनरल अस्पताल की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि अस्पताल को सफलतापूर्वक Civil Registration System (CRS) पोर्टल से जोड़ा गया है। इससे जन्म और मृत्यु पंजीकरण की प्रक्रिया अधिक सरल एवं व्यवस्थित हुई है। अब मरीजों एवं उनके परिजनों को अस्पताल के माध्यम से जन्म और मृत्यु प्रमाण पत्र प्राप्त करने में सुविधा होगी।

नई अत्याधुनिक मशीन से तेजी से होगी रक्त जांच

अस्पताल की प्रयोगशाला में नई 5-Part HD Cell Counter Hematology Machine स्थापित की गई है। इससे रक्त जांच की रिपोर्ट पहले की अपेक्षा कम समय में उपलब्ध होगी। इससे मरीजों के प्रतीक्षा समय में कमी आएगी और चिकित्सकों को समय पर बीमारी का निदान एवं उपचार शुरू करने में मदद मिलेगी।

सुरक्षा के क्षेत्र में KIOM को मिले 10 पुरस्कार

खनन विभाग की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए बताया गया कि 63वें वार्षिक धात्विक खान सुरक्षा सप्ताह समारोह-2025 का समापन समारोह 7 फरवरी 2026 को M/s Tata Steel की नोआमुंडी आयरन माइंस में आयोजित हुआ था। इस दौरान KIOM ने उल्लेखनीय प्रदर्शन करते हुए समापन समारोह में कुल 7 पुरस्कार तथा ट्रेड टेस्ट में 3 पुरस्कार हासिल किए।

टाउनशिप में आठ हाई-मास्ट लाइट टावर स्थापित

विद्युत विभाग द्वारा किरीबुरू टाउनशिप में 20 मीटर ऊंचाई वाले आठ हाई-मास्ट लाइट टावर स्थापित किए गए हैं। इनका उद्देश्य मुख्य मार्गों और चौक-चौराहों पर पर्याप्त रोशनी उपलब्ध कराना है, जिससे लोगों को बेहतर सुविधा के साथ सुरक्षा भी मिल सके।

35 प्रशिक्षुओं को मिला अप्रेंटिसशिप का अवसर

Apprenticeship 2025-26 के तहत कुल 35 प्रशिक्षुओं को विभिन्न विभागों में नियुक्त किया गया है। इनमें 16 इलेक्ट्रिशियन, 16 फिटर, 2 डीजल मैकेनिक और 1 COPA प्रशिक्षु शामिल हैं। सभी प्रशिक्षु संबंधित विभागों में व्यवस्थित रूप से प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं।

भविष्य के लिए तैयार हो रहा सक्षम कार्यबल

Learning and Development Centre द्वारा वैधानिक अनुपालन, तकनीकी कौशल, नेतृत्व विकास, कर्मचारी सहभागिता और रणनीतिक औद्योगिक सहयोग के माध्यम से सक्षम, सुरक्षा-सचेत एवं भविष्य के लिए तैयार कार्यबल विकसित करने का कार्य निरंतर किया जा रहा है। यह पहल JGOM एवं SAIL के विजन के अनुरूप कर्मचारियों के कौशल विकास को मजबूत कर रही है।

सभी सहयोगियों के प्रति जताया आभार

पीएम शिरपुरकर ने कहा कि खदान की उपलब्धियों के पीछे अधिकारियों, कर्मचारियों और पूरे समुदाय का सामूहिक सहयोग है। उन्होंने किरीबुरू खदान के सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों, नगरवासियों, विभिन्न सरकारी संस्थाओं के अधिकारियों एवं कर्मचारियों, सीआईएसएफ एवं सीआरपीएफ के अधिकारी-जवानों, श्रमिक संगठनों के प्रतिनिधियों, पत्रकारों तथा परिधीय गांवों की जनता के प्रति आभार व्यक्त किया।

उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी सभी के सहयोग से किरीबुरू खदान सफलता के नए मुकाम हासिल करती रहेगी।

संविधान के पालन और राष्ट्रहित में योगदान का संकल्प

उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय पर्व के अवसर पर हम सभी को संविधान का पालन करने और राष्ट्र के सर्वोत्तम हित में अपना योगदान देने की शपथ लेनी चाहिए। उन्होंने सभी को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए अपना संबोधन “जय हिंद, जय भारत” के उद्घोष के साथ समाप्त किया।

देशभक्ति गीतों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समां

समारोह के दौरान बच्चों ने आकर्षक देशभक्ति सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। बच्चों की प्रस्तुतियों में देशप्रेम, राष्ट्रीय एकता और स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान की झलक देखने को मिली। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने समारोह में मौजूद लोगों में देशभक्ति का जोश भर दिया और पूरा पीसीएस मैदान भारत माता की जय और जय हिंद के नारों से गूंज उठा।

स्वतंत्रता दिवस समारोह ने एक ओर जहां देश की आजादी के लिए बलिदान देने वाले वीरों को श्रद्धांजलि दी, वहीं दूसरी ओर शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण, सुरक्षा, कौशल विकास और सामाजिक जिम्मेदारी के क्षेत्र में किरीबुरू खदान की भूमिका को भी मजबूती से रेखांकित किया।

SINGHBHUMHALCHAL NEWS

सिंहभूम हलचल न्यूज़ एक स्थानीय समाचार मंच है, जो पश्चिमी सिंहभूम, झारखंड से सटीक और समय पर समाचार प्रदान करने के लिए समर्पित है। यह राजनीति, अपराध, मौसम, संस्कृति और सामुदायिक मुद्दों को हिंदी में कवर करता है।

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Comment