शिष्टाचार मुलाकात में श्रमिक हितों और बेहतर समन्वय पर हुई चर्चा
रिपोर्ट: शैलेश सिंह
सेल, मेघाहातुबुरु खदान में सहायक महाप्रबंधक (एचआर) के पद पर चंदन कुमार घोष के योगदान देने के बाद श्रमिकों और प्रबंधन के बीच सकारात्मक माहौल देखने को मिल रहा है। उनके पदभार ग्रहण करने के तुरंत बाद झारखंड मजदूर संघर्ष संघ के पदाधिकारियों ने उनसे शिष्टाचार मुलाकात कर नई जिम्मेदारी के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
संघ के प्रतिनिधिमंडल में इंतखाब आलम, दयानंद कुमार, कामता प्रसाद, आनंद हेस्सा पूर्ति, आलम अंसारी, जगजीत सिंह गिल, शैलेश बारी, शहनाज परवीन और चंद्रकला सहित कई सदस्य शामिल थे। मुलाकात के दौरान संघ के पदाधिकारियों ने श्रमिकों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर सकारात्मक संवाद स्थापित करने की अपेक्षा जताई।

चंदन कुमार घोष इससे पहले सेल, गुवा में अपनी सेवाएं दे चुके हैं और वहां उनके कार्यकाल को प्रशासनिक दक्षता एवं श्रमिकों के साथ समन्वय के लिए जाना जाता है। ऐसे में मेघाहातुबुरु में उनकी नई भूमिका को लेकर मजदूरों और संघ के बीच सकारात्मक उम्मीदें बनी हुई हैं।
संघ के पदाधिकारियों ने विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में मानव संसाधन विभाग और अधिक प्रभावी ढंग से कार्य करेगा तथा कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान में तेजी आएगी। इस शिष्टाचार मुलाकात ने प्रबंधन और मजदूर संगठन के बीच सौहार्दपूर्ण संबंधों की नई शुरुआत का संकेत दिया है।














