भ्रष्टाचार नक्सल खदान
अपराध राजनीति खेल समस्या स्वास्थ्य कार्यक्रम शिक्षा दुर्घटना सांस्कृतिक मनोरंजन मौसम कृषि ज्योतिष काम

पोड़ाहाट जंगल में सुरक्षाबलों का बड़ा प्रहार, दो नक्सली ढेर होने की चर्चा

On: May 19, 2026 2:10 PM
Follow Us:
---Advertisement---

दस लाख के इनामी एरिया कमांडर सालुका कायम की तलाश में चला ऑपरेशन, जंगल में घंटों गूंजती रही गोलियों की तड़तड़ाहट

रिपोर्ट : शैलेश सिंह / संदीप गुप्ता

पश्चिमी सिंहभूम के घने पोड़ाहाट जंगल में मंगलवार की सुबह सुरक्षाबलों ने नक्सलियों के खिलाफ बड़ा हमला बोलते हुए उग्रवादियों की कमर तोड़ने की दिशा में बड़ी सफलता हासिल की है। सोनुवा थाना क्षेत्र के केड़ाबीर के पास अहले सुबह सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच हुई भीषण मुठभेड़ में दो नक्सलियों के मारे जाने की अपुष्ट खबर सामने आ रही है। हालांकि अधिकारिक पुष्टि अभी बाकी है, लेकिन पुलिस सूत्रों के अनुसार सुरक्षाबलों ने नक्सलियों को भारी नुकसान पहुंचाया है।

“घेराबंदी होते ही नक्सलियों ने खोला मोर्चा”

जानकारी के अनुसार सुरक्षाबलों को लंबे समय से सूचना मिल रही थी कि दस लाख का इनामी एरिया कमांडर सालुका कायम अपने हथियारबंद दस्ते के साथ पोड़ाहाट जंगल में सक्रिय है। सुरक्षा एजेंसियां लगातार उसकी गतिविधियों पर नजर बनाए हुए थीं।
मंगलवार सुबह सटीक सूचना मिलने के बाद सुरक्षाबलों ने केड़ाबीर जंगल क्षेत्र में रणनीतिक घेराबंदी शुरू की। बताया जा रहा है कि खुद को घिरता देख नक्सलियों ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद जवानों ने मोर्चा संभालते हुए ताबड़तोड़ जवाबी कार्रवाई की। कुछ देर में पूरा जंगल गोलियों की आवाज से थर्रा उठा।

जवानों के सामने नहीं टिक सके नक्सली

सूत्रों के मुताबिक जवानों की सटीक जवाबी फायरिंग में दो नक्सलियों के ढेर होने की चर्चा है। माना जा रहा है कि मारे गए नक्सली सालुका कायम के दस्ते के सदस्य हो सकते हैं। मुठभेड़ के बाद जंगल में खून के निशान और नक्सलियों के भागने के संकेत मिलने की भी चर्चा है।
हालांकि पुलिस ने अभी किसी शव की बरामदगी की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है, लेकिन सुरक्षा एजेंसियां इसे नक्सलियों के खिलाफ बड़ी कामयाबी मान रही हैं।

पोड़ाहाट में बार-बार ठिकाना बदल रहा था सालुका कायम का दस्ता

भरोसेमंद सूत्रों के अनुसार सालुका कायम का घर केड़ाबीर क्षेत्र के कुदाबुरू गांव में बताया जाता है। उसका दस्ता पिछले कई दिनों से केड़ाबीर, नचल्दा, लॉन्जो और शंकरा के जंगलों में लगातार ठिकाना बदल-बदल कर रह रहा था।
सुरक्षा एजेंसियों को आशंका थी कि यह दस्ता किसी बड़ी वारदात की तैयारी में जुटा हुआ है। इसी कारण सुरक्षाबलों ने इलाके में लगातार निगरानी बढ़ा दी थी।

“अब जंगल में नहीं चलेगा लाल आतंक”

पोड़ाहाट के जंगलों में लगातार चल रहे सुरक्षाबलों के अभियान से नक्सलियों की पकड़ कमजोर पड़ती दिख रही है। एक तरफ सुरक्षाबल आधुनिक रणनीति और खुफिया नेटवर्क के सहारे जंगलों में घुसकर अभियान चला रहे हैं, वहीं दूसरी ओर नक्सली लगातार दबाव में नजर आ रहे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि लंबे समय बाद सुरक्षाबलों ने पोड़ाहाट के अंदरूनी इलाकों में इतनी आक्रामक कार्रवाई की है। इससे साफ संकेत मिल रहा है कि अब पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां नक्सलियों को किसी भी हाल में बख्शने के मूड में नहीं हैं।

सर्च ऑपरेशन जारी, बड़े खुलासे की उम्मीद

मुठभेड़ के बाद पूरे इलाके को सुरक्षा घेरे में लेकर तलाशी अभियान तेज कर दिया गया है। संभावना जताई जा रही है कि सर्च ऑपरेशन के दौरान हथियार, विस्फोटक और अन्य नक्सली सामग्री बरामद हो सकती है।
सुरक्षाबलों की इस कार्रवाई को पोड़ाहाट जंगल में नक्सल नेटवर्क पर बड़ा प्रहार माना जा रहा है। अब सबकी नजर इस बात पर टिकी है कि क्या इस ऑपरेशन में इनामी नक्सली सालुका कायम भी जवानों के निशाने पर आया है या वह जंगल का फायदा उठाकर भागने में सफल रहा।

SINGHBHUMHALCHAL NEWS

सिंहभूम हलचल न्यूज़ एक स्थानीय समाचार मंच है, जो पश्चिमी सिंहभूम, झारखंड से सटीक और समय पर समाचार प्रदान करने के लिए समर्पित है। यह राजनीति, अपराध, मौसम, संस्कृति और सामुदायिक मुद्दों को हिंदी में कवर करता है।

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Comment