मनोहरपुर में डेविड ए. डोडराए बने नए डीएसपी, कई जिलों में प्रशासनिक बदलाव से हलचल
रिपोर्ट: शैलेश सिंह
झारखंड पुलिस महकमे में बड़े स्तर पर प्रशासनिक फेरबदल करते हुए राज्य सरकार ने 201 डीएसपी रैंक के अधिकारियों का तबादला कर दिया है। इस व्यापक स्थानांतरण सूची में कोल्हान क्षेत्र के कई अहम पदाधिकारी भी शामिल हैं। खासकर किरीबुरू और मनोहरपुर अनुमंडल में हुए बदलाव को लेकर पुलिस महकमे और प्रशासनिक गलियारों में चर्चा तेज हो गई है।
सरकार द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, विनीत कुमार किंडो (पुलिस उपाधीक्षक परिवीक्षाधीन) को किरीबुरू का नया डीएसपी बनाया गया है। वहीं वर्तमान डीएसपी अजय केरकेट्टा का तबादला कर उन्हें पुलिस उपाधीक्षक, झारखंड सशस्त्र पुलिस-9, साहेबगंज भेजा गया है।

मनोहरपुर को मिला नया डीएसपी
स्थानांतरण सूची में मनोहरपुर अनुमंडल में भी महत्वपूर्ण बदलाव किया गया है। अधिसूचना के अनुसार डेविड ए. डोडराए को मनोहरपुर का नया डीएसपी बनाया गया है। वहीं मनोहरपुर में पदस्थापित जयदीप लकड़ा का तबादला कर उन्हें पुलिस उपाधीक्षक, आईआरबी-5, गुमला भेजा गया है।
मनोहरपुर क्षेत्र सुरक्षा और प्रशासनिक दृष्टि से बेहद संवेदनशील माना जाता है। ऐसे में नए डीएसपी की नियुक्ति को महत्वपूर्ण प्रशासनिक कदम के रूप में देखा जा रहा है।

किरीबुरू में नई जिम्मेदारी संभालेंगे विनीत कुमार किंडो
खनिज संपदा और औद्योगिक गतिविधियों के लिए चर्चित किरीबुरू क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने की चुनौती हमेशा बनी रहती है। ऐसे में नए डीएसपी विनीत कुमार किंडो के सामने क्षेत्र में बेहतर पुलिसिंग, अपराध नियंत्रण और जनसंपर्क को मजबूत करने की बड़ी जिम्मेदारी होगी।
वहीं अजय केरकेट्टा के तबादले के बाद अब किरीबुरू पुलिस प्रशासन नए नेतृत्व में काम करेगा। पुलिस महकमे में इस बदलाव को लेकर अलग-अलग चर्चाएं भी शुरू हो गई हैं।









