पांच दिनों से नहीं मिला कोई सुराग, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
गुवा संवाददाता
पश्चिमी सिंहभूम जिले के गुवा थाना क्षेत्र अंतर्गत ठाकुरा गांव से 13 वर्षीय किशोर समेत तीन बच्चों के रहस्यमय ढंग से लापता हो जाने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। घटना के बाद से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है, जबकि गांव में भय और चिंता का माहौल बना हुआ है। पांच दिनों से लगातार खोजबीन के बावजूद बच्चों का कोई सुराग नहीं मिलने से परिवार वाले बदहवास हैं।
मिली जानकारी के अनुसार ठाकुरा गांव निवासी सुकरा चाम्पिया का 13 वर्षीय पुत्र दर्शना चाम्पिया बीते 15 मई से लापता है। परिजनों ने बताया कि दर्शना उस दिन दोपहर में गुवासाई स्कूल से पढ़ाई कर घर लौटा था। घर पहुंचने के बाद उसने खाना खाया और फिर अपने दो दोस्तों के साथ खेलने के लिए बाहर निकला। लेकिन देर शाम तक जब वह वापस नहीं लौटा तो परिवार वालों की चिंता बढ़ गई।

गांव-गांव भटक रहे परिजन
शुरुआत में परिजनों ने सोचा कि बच्चे आसपास के गांवों में खेल रहे होंगे, लेकिन रात होने तक जब कोई जानकारी नहीं मिली तो परिवार वालों ने खोजबीन शुरू कर दी। गांव, जंगल, नदी किनारे और रिश्तेदारों के घरों तक बच्चों की तलाश की गई, लेकिन कहीं कोई सुराग नहीं मिला।
परिजनों का कहना है कि दर्शना के साथ खेलने गए उसके दोनों दोस्त भी उसी दिन से गायब हैं। तीनों बच्चों के एक साथ अचानक लापता हो जाने से मामला और भी गंभीर हो गया है।

मां-बाप का रो-रोकर बुरा हाल
बच्चों के गायब होने के बाद से परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। मां बार-बार बेटे की तस्वीर देखकर बेसुध हो जा रही है, जबकि पिता लगातार लोगों से मदद की गुहार लगा रहे हैं। गांव के लोग भी बच्चों की तलाश में जुटे हुए हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि इस तरह एक साथ तीन बच्चों का गायब होना बेहद चिंताजनक है। लोगों ने आशंका जताई है कि बच्चों के साथ कोई अनहोनी भी हो सकती है। यही वजह है कि पूरे क्षेत्र में भय का माहौल बना हुआ है।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलने के बाद गुवा थाना पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। परिजनों द्वारा गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराए जाने के बाद पुलिस आसपास के क्षेत्रों में बच्चों की तलाश कर रही है। पुलिस स्थानीय लोगों से पूछताछ भी कर रही है तथा संभावित स्थानों पर खोजबीन जारी है।
पुलिस ने आम लोगों से भी अपील की है कि यदि किसी को बच्चों के संबंध में कोई जानकारी मिले तो तुरंत गुवा थाना को सूचित करें।

प्रशासन से जल्द बरामदगी की मांग
ग्रामीणों और परिजनों ने प्रशासन से बच्चों को जल्द से जल्द खोज निकालने की मांग की है। लोगों का कहना है कि समय बीतने के साथ परिजनों की चिंता और बढ़ती जा रही है। पूरे गांव की निगाहें अब पुलिस की कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।













