पूर्व मंत्री बड़कुंवर गागराई ने पुलिस-प्रशासन से सभी आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की
गुवा संवाददाता।
बड़ाजामदा में कुछ दिन पूर्व एक आदिवासी छात्रा के साथ कथित छेड़खानी एवं अमानवीय व्यवहार तथा घटना का विरोध करने वाले स्थानीय युवाओं पर धारदार हथियार से हमला किए जाने के मामले ने अब राजनीतिक तूल पकड़ लिया है। मामले को लेकर भाजपा ने कड़ा आक्रोश जताते हुए पुलिस-प्रशासन से घटना में शामिल सभी आरोपियों की पहचान कर शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है।

बड़ाजामदा पहुंचे पूर्व मंत्री
भाजपा झारखंड प्रदेश के पूर्व उपाध्यक्ष सह पूर्व मंत्री बड़कुंवर गागराई रविवार को बड़ाजामदा पहुंचे। उन्होंने आदर्श मध्य विद्यालय परिसर में भाजपा नेताओं, स्थानीय महिला समिति के सदस्यों एवं ग्रामीणों के साथ बैठक कर कुछ दिन पूर्व हुई घटना की जानकारी ली और पूरे मामले पर चर्चा की।
अमन लॉज में रहने वाले युवकों पर आरोप
बैठक में गागराई ने आरोप लगाया कि अमन लॉज में किराये पर रह रहे कुछ युवकों द्वारा एक आदिवासी छात्रा के साथ कथित छेड़खानी एवं अमानवीय व्यवहार किया गया था। घटना की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय युवाओं और महिलाओं ने इसका विरोध किया।

विरोध करने पर धारदार हथियार से हमला
आरोप है कि विरोध से नाराज युवकों ने स्थानीय युवाओं पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। इस हमले में कई युवक गंभीर रूप से घायल हुए। घायलों का इलाज टीएमएच नोवामुंडी अस्पताल में चलने की बात कही गई है। घटना के बाद से स्थानीय लोगों में आक्रोश व्याप्त है।
दो आरोपी गिरफ्तार, अन्य पर कार्रवाई की मांग
गागराई ने कहा कि पुलिस ने मामले में अब तक दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, लेकिन घटना में शामिल अन्य लोगों की गिरफ्तारी भी आवश्यक है। उन्होंने पुलिस-प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर सभी आरोपियों को चिह्नित करने तथा उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की।
छात्रा और घायलों को न्याय दिलाने की मांग
भाजपा नेताओं ने कहा कि कथित रूप से पीड़ित आदिवासी छात्रा को न्याय मिलना चाहिए और हमले में घायल युवाओं को भी उचित न्याय एवं सुरक्षा मिलनी चाहिए। गागराई ने पुलिस से मामले को गंभीरता से लेते हुए किसी भी आरोपी को संरक्षण नहीं देने की मांग की।

कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी
पूर्व मंत्री बड़कुंवर गागराई ने चेतावनी दी कि यदि घटना में शामिल अन्य आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी नहीं हुई तो भाजपा आंदोलन करेगी। उन्होंने कहा कि आंदोलन की स्थिति उत्पन्न होने पर इसकी जिम्मेदारी पुलिस-प्रशासन की होगी।
ये रहे मौजूद
बैठक में भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के जिला अध्यक्ष शंभू हजरा, अजीत सिंह, प्रफुल्ल महाकुड़, संजीव राय, राजा तिर्की, अशोक पान समेत भाजपा के अन्य कार्यकर्ता एवं स्थानीय महिला समिति के सदस्य मौजूद थे।













